IMD Alert: दिल्ली और आसपास के इलाकों में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के बाद शुक्रवार की सुबह घने काले बादलों और धुंध के साथ हुई। तेज बारिश की वजह से तापमान में अचानक गिरावट आई है और हवा में ठंडक बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में बीते 24 घंटों के दौरान चार सालों में अक्टूबर महीने का सबसे बरसाती दिन दर्ज किया गया है। इसके साथ ही यह आंकड़ा साल 2022 के बाद से अक्टूबर महीने की सबसे अधिक बारिश को भी पार कर गया है। मौसम के इस तीखे मिजाज को देखते हुए IMD ने दिल्ली के सभी 11 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले कुछ घंटों में और अधिक तेज बारिश व बिजली कड़कने की चेतावनी दी है।
4 साल में अक्टूबर का सबसे बरसाती दिन, टूटे बारिश के रिकॉर्ड
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली में कुल 61.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही चालू अक्टूबर महीने में अब तक कुल वर्षा का आंकड़ा 123.3 मिलीमीटर तक पहुंच गया है। इससे पहले दिल्ली में 9 अक्टूबर 2022 को एक दिन में 74 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। उस साल पूरे अक्टूबर महीने में कुल 128 मिमी बारिश हुई थी। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आगामी घंटों में होने वाली संभावित बारिश से इस बार अक्टूबर की कुल बारिश का पिछला रिकॉर्ड टूट सकता है।
दिल्ली के इन 11 जिलों में IMD का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के भीतर दिल्ली-NCR के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। IMD द्वारा जारी रेड अलर्ट में दिल्ली के सभी प्रमुख 11 जिलों को शामिल किया गया है। आईएमडी ने दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, सेंट्रल दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के लिए अलर्ट जारी किया है।
कहां कितनी हुई बारिश? देखें इलाकेवार आंकड़े
गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 6:00 बजे के बीच दिल्ली और एनसीआर के अलग स्टेशनों पर दर्ज की गई बारिश के आंकड़े यहां नीचे दिए गए हैं-
झरोदा कलां: 89 मिमी (सबसे अधिक)
सफदरजंग (बेस स्टेशन): 56.5 मिमी
कमला नेहरू नगर (गाजियाबाद): 41 मिमी
नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी (गुरुग्राम): 30 मिमी
तापमान में गिरावट, सफदरजंग और पालम का हाल
बारिश के चलते दिल्ली के तापमान में भी बदलाव आया है। सफदरजंग वेदर स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। अन्य स्टेशनों की बात करें तो पालम में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.6 डिग्री कम), रिज क्षेत्र में 16.8 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 18 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदूषण से बड़ी राहत, संतोषजनक श्रेणी में पहुंचा AQI
लगातार हो रही बारिश ने दिल्लीवासियों को जहरीले प्रदूषण और धुंध से बड़ी राहत दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक शुक्रवार सुबह 9:30 बजे दिल्ली का AQI 90 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। CPCB के समीर ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में पाई गई, जबकि 16 स्टेशनों पर यह मॉडरेट श्रेणी में दर्ज हुई। मानक के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक और 101 से 200 को मॉडरेट माना जाता है।