धनश्री वर्मा और यजुवेंद्र चहल की शादी किसी परिकथा जैसी थी, मगर इस साल की शुरुआत में इनके डायवोर्स की खबर ने सबको चौंका दिया। इसके बाद से लगातार आ रही खबरों से इनके बीच मौजूद कड़वाहट का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। कुछ समय पहले यजुवेंद्र चहल ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अपने और धनश्री के रिश्ते पर खुल कर बात की थी। अब धनश्री वर्मा ने भी एक पॉडकास्ट इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी की इस बड़ी घटना पर बात की है।
2020 में दोनों ने कोरोना काल के दौरान दोनों ने शादी की थी। इनका रिश्ता लगभग साढ़े तीन साल चलने के बाद 2024 में दोनों के रास्ते अलग हो गए। इनके इस फैसले से दोनों के फैंस के बीच अटकलों और ट्रोलिंग का दौर चला। चहल ने जहां, कुछ समय पहले एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अपने और धनश्री के रिश्ते पर चर्चा की, वहीं अब धनश्री ने भी ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे में खुलकर बात की है।
धनश्री ने बताया अपना सबसे बड़ा डर
इंटरव्यू के दौरान जब धनश्री से उनके सबसे बड़े डर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अनपेक्षित जवाब दिया। धनश्री ने माना, ‘पता नहीं कल कौन उठ के पॉडकास्ट पर आ जाए और क्या बोल दे। शुरुआत में ही बता दूं, इससे बहुत डर है।’
हंसते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे भूत से डर नहीं लगता। मुझे अंधेरे से डर नहीं लगता। यह अजीब है, मगर यह सच है। मुझे असल में भूतों, अंधेरे, ऊंचाई, किसी चीज से डर नहीं लगता। बस पॉडकास्ट से डर लगता है।’
चहल पर धनश्री ने निकाली भड़ास
अपनी हाल के पॉडकास्ट इंटरव्यू में धनश्री ने बातों-बातों में चहल पर पलटवार किया। बता दें कि बहुत समय नहीं हुआ है, जब चहल ने राज शमानी के पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने आश्चर्यजनक साफगोई के साथ अपने डायवोर्स पर बात की थी। इसके साथ ही उन्होंने अपनी टी-शर्ट वाले मामले पर भी जवाब दिया, जो काफी वायरल हुई थी।
तलाक की कार्यवाही के दौरान युजवेंद्र चहल की 'बी योर ओन शुगर डैडी' वाली टी-शर्ट ने सबका खूब ध्यान खींचा था और ये सोशल मीडिया पर छायी रही थी। बाद में चहल ने इस पर पॉडकास्ट में कहा था, ‘मुझे बस लगा कि मुझे एक संदेश देना है और मैनें किया। क्योंकि सामने वाले की तरफ से कुछ किया गया है। मैं पहले ऐसा नहीं करना चाहता था। लेकिन, फिर कुछ हुआ और मैंने तय किया कि अब सब भाड़ में जायें और मैं वही करूंगा जो मैं चाहता हूं।’
धनश्री ने कहा कि टी-शर्ट के बारे में नहीं जानने के बावजूद उन्हें पता था, कि सब उन्हें ही जिम्मेदार ठहराएंगे। उन्होंने कहा ‘आपको पता होता है कि लोग आप पर ही उंगली उठाएंगे। ये टी-शर्ट स्टंट होने से पहले की बात है। हम सब जानते थे कि लोग मुझे ही दोषी मानेंगे।’ जब इसके बारे में उन्हें पता चला तो अविश्वास और हंसी की उनकी मिलीजुली प्रतिक्रिया थी। उन्होंने कहा, ‘अरे भाई व्हॉट्स ऐप कर देता। टी-शर्ट क्यों पहना है।?’