Rajinikanth: 'बॉक्स ऑफिस का बाप है धुरंधर 2', सुपरस्टार रजनीकांत ने की आदित्य धर की फिल्म की तारीफ, भावुक हुए निर्देशक

Rajinikanth Praises Dhurandhar 2: सुपरस्टार रजनीकांत ने आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' को 'बॉक्स ऑफिस का बाप' बताते हुए इसे हर भारतीय के लिए 'मस्ट वॉच' फिल्म करार दिया है। इस पर भावुक होते हुए निर्देशक आदित्य धर ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा 'सुपरस्टार मोमेंट' और थलाइवा का आशीर्वाद बताया है।

अपडेटेड Mar 24, 2026 पर 9:35 AM

भारतीय सिनेमा के 'थलाइवा' यानी रजनीकांत जब किसी फिल्म की सराहना करते हैं, तो वह केवल एक समीक्षा नहीं, बल्कि फिल्म की पूरी टीम के लिए एक बहुत बड़ा सम्मान बन जाता है। हाल ही में ऐसा ही कुछ हुआ निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' के साथ। मेगास्टार रजनीकांत ने न केवल इस फिल्म को देखा, बल्कि इसे सोशल मीडिया पर एक 'मस्ट वॉच' (जरूर देखने लायक) फिल्म करार देते हुए इसकी जमकर तारीफ की है।

रजनीकांत ने बताया 'बॉक्स ऑफिस का बाप'

सुपरस्टार रजनीकांत ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर फिल्म की सराहना करते हुए लिखा, "क्या फिल्म है... #Dhurandhar2!!! आदित्य धर बॉक्स ऑफिस के बाप हैं! रणवीर सिंह और फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू को बहुत-बहुत बधाई। हर भारतीय को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। जय हिंद।"

रजनीकांत की इस प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। खासकर उनके द्वारा फिल्म को 'बॉक्स ऑफिस का बाप' कहना इस बात का सबूत है कि आदित्य धर की यह एक्शन-थ्रिलर दर्शकों के साथ-साथ सिनेमाई दिग्गजों का भी दिल जीतने में कामयाब रही है।


आदित्य धर का भावुक जवाब: "मेरे जीवन का सबसे बड़ा सुपरस्टार मोमेंट"

थलाइवा से मिली इस सराहना के बाद निर्देशक आदित्य धर खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने एक बेहद इमोशनल नोट के साथ अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने रजनीकांत को जवाब देते हुए लिखा कि उनके लिए यह किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।

आदित्य ने लिखा, "सर, हम सभी ने 'मनोरंजन' को केवल एक पैमाने से नापते हुए बड़े हुए हैं, और वह पैमाना आप हैं। दशकों से हमें हंसाने, रुलाने और पर्दे पर अपना जादू दिखाने के बाद भी आपका वही स्वैग और ग्रेस बरकरार है। आपका 'धुरंधर 2' को 'मस्ट वॉच' कहना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सुपरस्टार मोमेंट है। ऐसा लग रहा है जैसे उस व्यक्ति से आशीर्वाद मिल गया है जिसने हमें बड़े सपने देखना सिखाया। शुक्रिया सर, यह सीधे दिल तक पहुंचा है।"

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का कोहराम

फिल्म की सफलता की बात करें तो 'धुरंधर 2' केवल तारीफें ही नहीं बटोर रही, बल्कि कमाई के मामले में भी नए रिकॉर्ड बना रही है। रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म ने अपने शुरुआती सप्ताहांत में ही दुनिया भर में लगभग 678 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब यह आंकड़ा 700 करोड़ रुपये के जादुई मार्क को पार कर चुका है, जो इसे साल की सबसे सफल फिल्मों की श्रेणी में खड़ा करता है।

शानदार स्टार कास्ट और सस्पेंस

यह एक हाई-ऑक्टेन स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकारों की फौज है। साथ ही यामी गौतम का स्पेशल अपीयरेंस फिल्म में चार चांद लगा देता है। जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म ने साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो उसे ग्लोबल लेवल पर सफल होने से कोई नहीं रोक सकता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।