R Madhavan: आर माधवन ने निर्देशक राम गोपाल वर्मा का संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने धुरंधर 2 में उनके अभिनय की सराहना की है। आर माधवन ने फिल्म में अजय सान्याल का किरदार निभाया है, जो इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक हैं और रणवीर सिंह के किरदार के मिशन में सभी महत्वपूर्ण फैसले लेते हैं। राम गोपाल वर्मा ने कलाकारों के बीच उनकी शांत लेकिन प्रभावशाली उपस्थिति की प्रशंसा की।
आरजीवी ने माधवन को लिखा, “आइए धुरंधर जैसी गहराई को छूने वाली फिल्मों का जश्न मनाते रहें। आपके अभिनय की बात करें तो, यह मेरे द्वारा देखे गए सबसे शांत लेकिन प्रभावशाली प्रदर्शनों में से एक है। धमाकेदार एक्शन, असाधारण वीरता और देशभक्ति की भावना से भरपूर इस रोमांचक जासूसी थ्रिलर में, आपने चकाचौंध का पीछा करने के बजाय, अपनी शांत उपस्थिति से इसे और भी प्रभावशाली बना दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “फिल्म की रोमांचक शुरुआत से लेकर अपहरण के दौरान तनावपूर्ण बातचीत और दुश्मन के इलाके में लंबी घुसपैठ की प्लानिंग तक, ऑपरेशन धुरंधर के मुख्य पहलू को आपने जिस तरह निभाया है, वह बेहद सराहनीय है क्योंकि इस तरह की भूमिका का कोई पहले से एक्जाम्पल मौजूद नहीं है। आपने पूरे देश की बेबसी को अपने कंधों पर उठाया है, फिर भी उसे सटीक रणनीति में ढाला है।
फिल्म निर्माता ने आगे कहा, “आपके अभिनय को असाधारण बनाने वाली बात इसका संयम है। एक ऐसी फिल्म में जहां रणवीर सिंह विस्फोटक ऊर्जा से भरपूर हैं और पूरी टीम अपनी दमदार प्रस्तुति से दर्शकों को प्रभावित करती है, आपने सूक्ष्मता को चुना है। आपने बड़े डायलॉग का सहारा नहीं लिया, बल्कि छोटे भावों, संयमित आवाज और शांत अधिकार की कला का इस्तेमाल किया है। यहां तक कि साधारण से दिखने वाले सीन्स में भी, चाहे वह फोन कॉल हो, रणनीति बैठक हो या निराशा का क्षण, आपने आंतरिक संघर्ष, नैतिक भार और अटूट दृढ़ संकल्प की कई परतों को बखूबी व्यक्त किया है।”
उन्होंने आखिर में कहा कि, “ऐसे युग में जहां वीरता अक्सर ध्यान आकर्षित करने के लिए शोर मचाती है, आपने मुझे मौन की शक्ति की याद दिलाई। बिना किसी दिखावे के, आपने मुझे उन अदृश्य शक्तियों पर विश्वास दिलाया जो राष्ट्र की रक्षा करती हैं। आप एक ऐसे रणनीतिकार हैं जो सालों से आगे की योजना बनाते हैं, जबकि अन्य लोग तात्कालिक प्रतिक्रिया देते हैं।
आर माधवन ने उनके संदेश का जवाब देते हुए लिखा, “सर, आपका यह मैसेज ही मुझे अपने ऐसे फैसलों को जारी रखने का साहस देता है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि आपके मैसेज ने न केवल अपना उद्देश्य पूरा किया, बल्कि एक कलाकार के रूप में मुझे और भी अधिक आश्वस्त किया। शब्दों में आपका आभार व्यक्त करना मुश्किल है, लेकिन सर... हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं इस मैसेज को हमेशा संजो कर रखूंगा। भगवान आपका भला करे, सर। ढेर सारा प्यार और सम्मान।
इस बीच, आदित्य धर द्वारा निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत स्पाई थ्रिलर फिल्म इस साल की सबसे सफल फिल्मों में से एक बनकर उभरी है। रिलीज के मात्र 11 दिनों के भीतर ही फिल्म ने अपने पहले भाग, धुरंधर, की लाइफटाइम की कमाई को पीछे छोड़ते हुए एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया। इसने पुष्पा 2 द्वारा बनाए गए हिंदी वर्जन के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।