मुनव्वर फारुकी की एक्स गर्लफ्रेंड के रूप में बिग बॉस में नजर आईं आयशा खान अब अपनी पहचान खुद बना रही हैं और इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से छाई हुई हैं। रियलिटी शो के बाद आयशा ने फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ से चर्चा में आईं आयशा खान ने इसके बाद फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ में अपने स्टाइल और एक्सप्रेशंस से लोगों का ध्यान खींचा। वहीं ‘किस किसको प्यार करूं 2’ में भी उनकी भूमिका को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। आयशा का कॉन्फिडेंट अंदाज, कैमरे के सामने सहजता और स्क्रीन पर उनकी दमदार मौजूदगी फैंस को खूब भा रही है।
यही वजह है कि हर नया प्रोजेक्ट आते ही वो चर्चा का विषय बन जाती हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो, फोटो और रील्स तेजी से वायरल हो रहे हैं और उनकी फैन फॉलोइंग लगातार बढ़ती जा रही है।
कपिल शर्मा शो में पहुंचीं प्रमोशन के लिए
हाल ही में आयशा खान कलर्स टीवी के कॉमेडी शो ‘लाफ्टर शेफ सीजन 2’ में खास मेहमान बनकर पहुंचीं। वो कपिल शर्मा के साथ अपनी आने वाली फिल्म ‘किस-किसको प्यार करूं 2’ का प्रमोशन करने आई थीं। शो के दौरान माहौल काफी मस्ती भरा रहा, लेकिन एक कमेंट ने पूरे एपिसोड को विवादों में ला खड़ा किया।
भारती सिंह के कमेंट पर मचा बवाल
शो के दौरान कॉमेडियन भारती सिंह ने आयशा खान को देखकर मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें सामने से कृष्णा अभिषेक आते हुए लगे। इसके बाद उन्होंने ये भी कह दिया कि “मैं प्रेग्नेंट हूं ना।” ये बात सुनकर आयशा खान मुस्कुरा जरूर दीं, लेकिन ये टिप्पणी सोशल मीडिया यूजर्स को बिल्कुल रास नहीं आई।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
टीवी शो में मौजूद लोगों को ये मजाक लग सकता है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस क्लिप के बाद यूजर्स ने भारती सिंह को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई लोगों का कहना है कि ये मजाक की आड़ में बॉडी शेमिंग है। रेडिट पर यूजर्स भारती को “मीन” और “रूढ़ सोच वाली” बताते हुए शो पर महिलाओं के साथ भेदभाव का आरोप भी लगा रहे हैं।
आयशा खान के समर्थन में खड़े फैंस
विवाद के बीच आयशा खान के फैंस उनके समर्थन में सामने आए हैं। लोग कह रहे हैं कि किसी भी कलाकार के शरीर या लुक पर इस तरह की टिप्पणी बिल्कुल गलत है, चाहे वो मजाक के नाम पर ही क्यों न हो। आयशा खान की बढ़ती लोकप्रियता और मजबूती के साथ अब ये मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा मुद्दा बन चुका है।