जब कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये के करीब पहुंचती है, तो अक्सर सारा श्रेय एक्टर्स या डायरेक्टर को मिल जाता है। लेकिन एक फिल्म को 'पेंटिंग' की तरह स्क्रीन पर उतारने वाला शख्स कैमरे के पीछे खड़ा सिनेमैटोग्राफर होता है। फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar: The Revenge) की ऐतिहासिक सफलता के बीच, इसके डायरेक्टर आदित्य धर ने फिल्म के सिनेमैटोग्राफर विकास नौलखा के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।
आदित्य धर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर विकास नौलखा के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं और एक दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा। आदित्य ने विकास को 'धुरंधर' की 'आंख, वृत्ति और आत्मा' बताया। उन्होंने खुलासा किया कि विकास फिल्म के शूट शुरू होने से ठीक कुछ दिन पहले टीम से जुड़े थे। आदित्य के मुताबिक, यह महज कोई प्रोफेशनल जुड़ाव नहीं था, बल्कि ऐसा लगा जैसे 'किस्मत' ने खुद उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए चुना हो।
स्क्रिप्ट पढ़ते ही हुए थे भावुक
विकास नौलखा की लगन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी थी, तो उन्होंने आदित्य से कहा था, "मैंने इस तरह की फिल्म करने के लिए 30 साल इंतजार किया है। मैं इसके लिए अपनी जान लगा दूंगा।" और फिल्म की मेकिंग के दौरान उन्होंने अपनी इस बात को सच कर दिखाया।
अमृतसर की तपती गर्मी से लेह की बर्फीली ठंड तक का सफर
फिल्म की शूटिंग कोई आसान काम नहीं था। आदित्य धर ने बताया कि विकास ने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। चाहे वह अमृतसर की झुलसा देने वाली गर्मी हो या लेह की हड्डियों को कपा देने वाली ठंड, विकास अडिग खड़े रहे।
फिल्म के प्रोडक्शन के दौरान कई बार स्थितियां बेकाबू हुईं, शेड्यूल काफी कठिन थे और बजट व समय की पाबंदियों के कारण ऐसा लग रहा था जैसे एक फिल्म के समय और खर्च में दो फिल्में बनाई जा रही हों। लेकिन इन सबके बीच विकास नौलखा एक ढाल की तरह खड़े रहे और अपनी विज़न को धुंधला नहीं होने दिया।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का जलवा
रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। 1000 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुँच चुकी यह फिल्म दर्शकों और समीक्षकों दोनों को पसंद आ रही है। आदित्य धर का यह नोट याद दिलाता है कि पर्दे पर दिखने वाली भव्यता के पीछे क्रू मेंबर्स की कितनी कड़ी मेहनत और 'देवोशन' (भक्ति) छिपी होती है।