Emraan Hashmi: 'कई बार फिल्में बॉक्स ऑफिस पर...' OTT पर 'हक' की सफलता को लेकर इमरान हाशमी ने दिया रिएक्शन

इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म 'हक' इन दिनों सोशल मीडिया ट्रेंड में है। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन कुछ खास नहीं रहा लेकिन इसके ओटीटी रिलीज के बाद से ही ये फिल्म चर्चा में आ गई है। हाल ही में इमरान हाशमी ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है

अपडेटेड Jan 19, 2026 पर 8:38 PM
Story continues below Advertisement
इस साल की शुरुआत में इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया है

इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म 'हक' इन दिनों काफी चर्चा में हैं। फिल्म में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पंसद किया है। ये फिल्म पिछले साल नवंबर में थिएटर में रिलीज हुई थी। हक को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर पाई थी। थिएटर रिलीज के बाद इस साल की शुरुआत में इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया है। वहीं इसके डिजिटल रिलीज को फैंस काफी पंसद कर रहे हैं। ये फिल्म ओटीटी पर ट्रेंड करने लगी है। वहीं ओटीटी पर दर्शकों से मिल रहे प्यार पर फिल्म के एक्टर इमरान हाशमी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि दर्शकों से मिल रही यह प्रतिक्रिया उनके लिए खास है।

इमरान ने जताई खुशी

फ्री प्रेस जर्नल से बातचीत में इमरान हाशमी ने कहा, “बहुत अच्छा महसूस होता है। किसी फिल्म के जरिए मिलने वाला प्यार और पहचान हमेशा खास होती है। ये एक बोल्ड और हिम्मत वाली फिल्म है और हमारे देश में ऐसी फिल्में कम ही बनती हैं। इसलिए जब इस तरह की फिल्म को सफलता और सराहना मिलती है, तो दिल से खुशी होती है। मुझे लगता है कि ये फिल्म लंबे समय तक लोगों के साथ रहेगी। हो सकता है बॉक्स ऑफिस पर इसके आंकड़े औसत रहे हों, लेकिन वक्त के साथ लोग नंबर नहीं, बल्कि वही एहसास याद रखते हैं जो फिल्म उनके दिल में छोड़ जाती है।”


लोग 10-20 साल तक फिल्म को याद रखेंगे

एक्टर ने आगे कहा, “कई बार फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई कर लेती हैं, लेकिन अंदर से आपको खाली छोड़ देती हैं। ये बिल्कुल फास्ट फूड जैसा होता है—आप खा तो लेते हैं, लेकिन बाद में अच्छा महसूस नहीं होता। जबकि एक अच्छा, सुकून देने वाला खाना हमेशा खास होता है। मुझे लगता है कि हक भी वैसी ही एक बेहतरीन डिश है। 10–20 साल बाद भी लोग इस लैंडमार्क केस को याद करेंगे और कहेंगे कि वह फिल्म वाकई अच्छी थी।”

फिल्म का कमाई

जंगली पिक्चर्स ने इंसोम्निया फिल्म्स और बावेजा स्टूडियोज के साथ मिलकर फिल्म हक बनाई है। यामी गौतम और इमरान हाशमी की शानदार एक्टिंग वाली ये फिल्म जेंडर और न्याय जैसे जरूरी विषयों पर बात करती है। साथ ही, यह भारत में बदलते सामाजिक और कानूनी हालात पर सोचने और चर्चा शुरू करने की एक अहम कोशिश मानी जा रही है। करीब 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 30 करोड़ रुपये की कमाई की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।