Rahul Banerjee: राहुल बनर्जी के निधन से टूटा परिवार, पत्नी प्रियंका सरकार ने मीडिया से की अपील- 'हमारे दुख का सम्मान करें'

Rahul Banerjee: अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का दीघा में शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से 43 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया है। उनकी पत्नी प्रियंका सरकार ने इस दुखद घड़ी में परिवार के लिए प्राइवेसी की मांग करते हुए मीडिया से उनकी सीमाओं का सम्मान करने की अपील की है।

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 9:41 AM
Story continues below Advertisement

मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मशहूर बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का रविवार, 29 मार्च 2026 को ओडिशा-पश्चिम बंगाल सीमा के पास तलसारी (दीघा) में समुद्र में डूबने से आकस्मिक निधन हो गया। 43 वर्षीय राहुल वहां अपने नए टेलीविजन प्रोजेक्ट 'भोले बाबा पार करेगा' की शूटिंग के लिए गए थे। जिस अभिनेता ने पर्दे पर अपनी मुस्कान से लाखों दिल जीते, उसका इस तरह अचानक चले जाना हर किसी के लिए असहनीय है।

शूटिंग के बाद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर को तब हुआ जब दिन भर की शूटिंग खत्म हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों और क्रू मेंबर्स के अनुसार, पैक-अप के बाद राहुल अकेले ही समुद्र की ओर चले गए थे। कुछ ही देर बाद जब वह नजर नहीं आए, तो वहां मौजूद टीम के सदस्यों में हड़कंप मच गया। क्रू मेंबर्स ने तुरंत तलाश शुरू की और उन्हें पानी से बाहर निकाला।

उन्हें आनन-फानन में दीघा उप-मंडल अस्पताल ले जाया गया, जो वहां से करीब 10-12 किलोमीटर दूर था। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शाम 6:10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच में मौत का कारण डूबना बताया गया है।


पत्नी प्रियंका सरकार का भावुक संदेश

राहुल के निधन के बाद उनकी पत्नी और अभिनेत्री [प्रियंका सरकार ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने मीडिया और प्रशंसकों से निजता (Privacy) बनाए रखने की अपील की है।

उन्होंने लिखा, "यह हमारे लिए असीम दुख और गहरे संकट का समय है। इस कठिन घड़ी में हम ईमानदारी से आप सभी से स्पेस और प्राइवेसी की प्रार्थना करते हैं।" प्रियंका ने आगे कहा कि परिवार में एक बच्चा, एक मां और कई चाहने वाले हैं जो इस अपूरणीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि उनके दुख का सम्मान किया जाए और परिवार को शांति से शोक मनाने दिया जाए।

अधूरा रह गया पुनर्मिलन

राहुल और प्रियंका की प्रेम कहानी किसी फिल्म से कम नहीं थी। दोनों की मुलाकात 2008 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे अमार' के सेट पर हुई थी, जहां से इनका प्यार परवान चढ़ा और 2010 में इन्होंने शादी कर ली। हालांकि, 2017 में दोनों अलग हो गए थे और तलाक तक बात पहुंच गई थी। लेकिन साल 2023 में अपने बेटे 'सहज' की खातिर दोनों ने गिले-शिकवे भुलाकर फिर से साथ रहने का फैसला किया था। फैंस इस पुनर्मिलन से बेहद खुश थे, पर नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जताया शोक

राहुल के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "राहुल एक प्रतिभाशाली और लोकप्रिय अभिनेता थे। उनका इस तरह चले जाना बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती।" राज चक्रवर्ती और अंजन दत्त जैसे दिग्गजों ने भी इसे फिल्म जगत का एक काला दिन बताया है। राहुल बनर्जी अपने पीछे पत्नी प्रियंका और 12 वर्षीय बेटे सहज को छोड़ गए हैं। उनका जाना न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे सिनेमा जगत के लिए एक गहरा शून्य छोड़ गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।