2006 में रिलीज हुई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘भागम-भाग’ ने अपने दौर में दर्शकों को खूब हंसाया था। अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल की तिकड़ी ने इस फिल्म को यादगार बना दिया, जिसके डायलॉग्स और सीन आज भी लोगों की जुबान पर हैं। अब सालों बाद जब इस फिल्म के सीक्वल की चर्चा शुरू हुई, तो फैंस की उत्सुकता भी अपने चरम पर पहुंच गई। लेकिन इसी बीच एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने माहौल गर्म कर दिया। बताया गया कि सीक्वल में गोविंदा नजर नहीं आएंगे और उनकी जगह मनोज बाजपेयी की एंट्री हो सकती है। इस खबर ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी और गोविंदा के चाहने वालों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई।
किसी ने इसे कहानी की जरूरत बताया, तो किसी ने इसे गलत फैसला करार दिया। कुल मिलाकर, ‘भागम-भाग’ का सीक्वल रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गया है और दर्शकों की नजरें अब इससे जुड़ी हर नई अपडेट पर टिकी हुई हैं।
अक्षय कुमार–मनोज बाजपेयी की नई जोड़ी
सीक्वल में दर्शकों को इस बार अक्षय कुमार और मनोज बाजपेयी की बिल्कुल नई जुगलबंदी देखने को मिलेगी। इस अनोखे कॉम्बिनेशन ने जहां कुछ लोगों को उत्साहित किया, वहीं गोविंदा के फैंस इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और मनोज बाजपेयी को इस रोल के लिए “अनफिट” बता रहे हैं।
इस पूरे मामले पर फिल्म के अहम कलाकार परेश रावल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में उन्होंने कन्फर्म किया कि मनोज बाजपेयी वाकई फिल्म का हिस्सा होंगे। साथ ही यह भी बताया कि वह खुद सीक्वल में डबल रोल निभाते नजर आएंगे।
गोविंदा के रिप्लेस होने की वजह?
जब परेश रावल से गोविंदा को बाहर किए जाने की वजह पूछी गई, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इसकी असली वजह की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि गोविंदा की कमी सभी को खलेगी।
प्रियदर्शन का रहा था निर्देशन
‘भागम-भाग’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था और फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। अब सवाल यह है कि क्या सीक्वल का निर्देशन भी वही करेंगे? फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फैंस उम्मीद लगाए बैठे हैं।