बॉलीवुड के 'एक्शन हीरो' टाइगर श्रॉफ को अक्सर हम पर्दे पर लोहे जैसी बॉडी, हैरतअंगेज स्टंट्स और एक अजेय 'अल्फा मेल' के रूप में देखते हैं। लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि लाखों दिलों की धड़कन और फिटनेस आइकन माने जाने वाला यह कलाकार खुद को लेकर असुरक्षित महसूस कर सकता है? हाल ही में लिली सिंह के पॉडकास्ट में टाइगर ने अपनी लाइफ के उन पन्नों को खोला है, जिन्हें अक्सर चकाचौंध भरी दुनिया में छिपा लिया जाता है।
पर्दे के 'सुपरहीरो' की इंसानी कमजोरी
पॉडकास्ट के दौरान जब लिली सिंह ने टाइगर से उनकी संवेदनशीलता पर सवाल किया, तो टाइगर ने बिना किसी हिचकिचाहट के एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक बेहद असुरक्षित व्यक्ति हैं। टाइगर ने कहा, "मैं अपनी लुक्स को लेकर हमेशा इनसिक्योर रहता हूं। मुझे बदलाव से डर लगता है। हालांकि मैं जानता हूं कि बदलाव ही जीवन का नियम है, लेकिन मैं अपनी चीजों को कस कर पकड़ कर रखना चाहता हूं।" टाइगर का यह बयान उन सभी स्टीरियोटाइप्स को तोड़ता है जहाँ माना जाता है कि एक 'maacho' हीरो को हमेशा आत्मविश्वासी और सख्त दिखना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनकी यह असुरक्षा और असफल होने का डर ही उन्हें हर दिन बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता है।
पितृसत्ता और पुरुष भावनाएं
इस बातचीत में लिली सिंह ने एक बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पितृसत्तात्मक समाज केवल महिलाओं को ही नहीं, बल्कि पुरुषों को भी नुकसान पहुंचाता है। समाज पुरुषों से हमेशा 'मजबूत' और 'भावशून्य' रहने की उम्मीद करता है, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए घातक हो सकता है। टाइगर ने लिली की बात से सहमति जताते हुए कहा कि अपनी कमजोरियों पर बात करना और भावनाओं को व्यक्त करना बेहद जरूरी है, क्योंकि बहुत से लोग अंदर ही अंदर इन्ही संघर्षों से जूझ रहे होते हैं।
फैंस और परिवार का मिला समर्थन
टाइगर की इस ईमानदारी ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है। उनकी मां, आयशा श्रॉफ ने पोस्ट पर दिल वाले इमोजी के साथ प्यार जताया, वहीं कोरियोग्राफर बोस्को मार्टिस ने भी उनकी सराहना की। फैंस का कहना है कि टाइगर जैसे बड़े स्टार का अपनी कमियों को स्वीकार करना आम लोगों के लिए बहुत "reassuring" यानी तसल्ली देने वाला है।
वर्क फ्रंट पर क्या है खास?
करियर की बात करें तो टाइगर श्रॉफ आखिरी बार 'बाघी 4' में नजर आए थे। आने वाले समय में वे फिल्म 'लग जा गले' में लक्ष्य और जाह्नवी कपूर के साथ दिखाई देंगे। इसके अलावा, चर्चा है कि वे विद्युत जामवाल के साथ एक बड़े एक्शन प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिला सकते हैं, जिसे मिलाप जावेरी डायरेक्ट करेंगे।