Celina Jaitly: 'अकेले रोती थी, खुद से हार मान ली थी', तलाक और कानूनी लड़ाई के बीच छलका सेलिना जेटली का दर्द

Celina Jaitly: अभिनेत्री सेलिना जेटली ने अपने तलाक और कानूनी लड़ाई के बीच एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि वह अकेले रोती थीं और लगभग खुद से हार मान चुकी थीं। उन्होंने पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है और अपने भाई की विदेश में हिरासत के कारण भी गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।

अपडेटेड Apr 04, 2026 पर 7:41 PM

बॉलीवुड की ग्लैमरस अभिनेत्री सेलिना जेटली पिछले काफी समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी इन दिनों काफी उतार-चढ़ाव भरे दौर से गुजर रही है। हाल ही में अभिनेत्री ने अपने तलाक की कार्यवाही और कानूनी लड़ाई को लेकर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक बेहद भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि बंद कमरों के पीछे वह किस कदर टूटी हुई थीं और कैसे उन्होंने खुद को फिर से संभाला।

घरेलू हिंसा और कानूनी जंग

सेलिना जेटली फिलहाल एक गंभीर कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने ऑस्ट्रियाई उद्यमी और होटल व्यवसायी पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराई है। सेलिना ने उन पर क्रूरता, हेरफेर और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं। तलाक की इस प्रक्रिया के बीच अभिनेत्री का यह खुलासा उनके फैंस के लिए काफी चौंकाने वाला है।

इतना ही नहीं, सेलिना पारिवारिक मोर्चे पर भी काफी परेशान हैं। उनके भाई, मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली, 6 सितंबर 2024 से यूएई (UAE) में हिरासत में हैं। खबरों के मुताबिक, इस मुश्किल घड़ी में उन्हें अपने भाई से कोई संपर्क या कानूनी समर्थन नहीं मिल पा रहा है, जिसने उनकी मानसिक पीड़ा को और बढ़ा दिया है।


'मुस्कुराहट के पीछे छिपे थे आंसू'

सोशल मीडिया पर अपनी कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए सेलिना ने एक लंबा नोट लिखा। उन्होंने बताया कि उनकी चमक-धमक वाली जिंदगी के पीछे कई अंधेरी रातें छिपी हैं। उन्होंने लिखा, "अगर आप मुझे खुश देखते हैं, मेरा पसंदीदा खाना खाते या सुंदर कपड़ों में मुस्कुराते हुए देखते हैं... तो बस मुझे रहने दें। आपने वह रातें नहीं देखीं जब मैं अकेले रोती थी। आपने वह दिन नहीं देखे जब मैंने खुद को बिल्कुल खाली महसूस किया। आपको नहीं पता कि कितनी बार मैंने लगभग खुद से हार मान ली थी।"

हीलिंग और रिकवरी का संदेश

सेलिना ने अपने इस दर्द को अपनी ताकत बनाया है। उन्होंने उन लोगों को प्रेरित किया जो इसी तरह के कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा, "दुनिया के पीछे मत भागो; खुद के पास वापस आओ। एक बार जब आप ऐसा कर लेते हैं, तो ठीक होने (Heal) का विकल्प चुनें। मजबूत, शांत और अधिक आत्मविश्वासी बनने का फैसला करें।" सेलिना ने यह भी कहा कि रोना कमजोरी की निशानी नहीं है, बल्कि यह मन के बोझ को कम करने का एक जरिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एक दिन ये आंसू जरूर सूखेंगे और नई सुबह आएगी।

वर्क फ्रंट

सेलिना जेटली एक दशक से अधिक समय से फिल्मों से दूर हैं। उन्हें आखिरी बार 2011 की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'थैंक यू' में मुख्य भूमिका में देखा गया था। भले ही वह स्क्रीन से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए वह अपने प्रशंसकों से जुड़ी रहती हैं और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।