Javed Akhtar: हाल ही में जब सलमान खान की आने वाली वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि मे वॉर रेस्ट इन पीस' का गाना 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' रिलीज हुआ, तो इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों को इसके बोल मजेदार लगे, वहीं कुछ ने सवाल उठाया कि समय के साथ गानों के बोलों की क्वालटी क्यों गिरती जा रही है। गीतकार जावेद अख्तर ने इसे आज की उस पीढ़ी की शब्दावली के अनुरूप बताया, जिसने साहित्य पढ़ने में कभी समय नहीं लगाया है।
बीसीसी (BCC) के यूट्यूब चैनल 'म्यूजिक 91' पर जब जावेद अख्तर से बॉलीवुड गानों के बोल (lyrics) की गुणवत्ता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- "फिल्म इंडस्ट्री और फिल्मी संगीत किसी शून्य में नहीं पनपते। ये भी समाज का ही हिस्सा हैं। आज चाहे 'जेन जी' (Gen Z) हो या उनसे बड़ी उम्र के लोग। उनकी शब्दावली (vocabulary) उनके माता-पिता या दादा-दादी जितनी समृद्ध नहीं है।
उनकी शब्दावली सिमट गई है। बेशक भाषा का इस्तेमाल बातचीत के लिए किया जाता है, लेकिन यह अपने आप में एक बेहतरीन कला भी है। इसमें सुंदरता और नजाकत होती है, जो इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं। भाषा एक कला है। यह सिर्फ बातचीत का जरिया नहीं है। लेकिन आज हमारी भाषा पर ध्यान कहां है? आज कितने लोग साहित्य और कविता पढ़ते हैं?"
गीतकार ने यह भी कहा कि मुनाफे की लालच ने सब कुछ बदल दिया है, लेकिन साथ ही उन्होंने उम्मीद भी जताई कि “समाज अब पूरी तरह से उपयोगितावादी हो गया है और मुनाफे की परिभाषा बस इतनी रह गई है कि क्या इसे बैंक में जमा किया जा सकता है और वहां से निकाला जा सकता है? अगर ऐसा नहीं है, तो फिर इसका क्या फायदा?
संगीत, कला और साहित्य की गहराई को हाशिए पर धकेल दिया गया है। लेकिन हमें सही लोगों को श्रेय भी देना चाहिए। आज के युवा फिर से इन चीजों की ओर लौट रहे हैं और इसमें हमारा कोई योगदान नहीं है। वे खुद ही इन सब चीजों को खोजने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए मैं बिल्कुल भी निराश नहीं हूं। दस-पंद्रह सालों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।”
'मातृभूमि' फिल्म का गाना 'तेरी सेक्सी ब्यूटी'
'तेरी सेक्सी ब्यूटी' गाने को साजिद खान ने कंपोज किया है और इसके बोल भी उन्होंने ही लिखे हैं। सलमान ने मुस्कान के साथ मिलकर यह गाना गाया है। जब यह गाना रिलीज हुआ, तो कई लोगों ने सवाल उठाया कि 'मातृभूमि' जैसी युद्ध पर आधारित फिल्म में एक रोमांटिक गाने की क्या जरूरत थी।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर सलमान ने बताया- "मुझे पता है कि हर कोई सोच रहा होगा कि 'मातृभूमि' में 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' गाना कैसे फिट बैठता है। सबके मन में यही सवाल है है ना? जब आप फिल्म देखेंगे तो समझ जाएंगे कि यह कैसे फिट बैठता है। यह गाना तब आता है जब एक अफसर और कई सैनिक अपनी पत्नियों की तारीफ कर रहे होते हैं। हमने आपको जो गाने दिखाए हैं, फिल्म में उनके सीन बहुत कम होंगे।"
मातृभूमि में चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, अभिलाष चौधरी, अभिश्री सेन, ज़ेन शॉ, जावेद खान और विपिन भारद्वाज भी हैं। यह 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।