Dr Hassan trailer: सनकी डॉक्टर ने मचाया हंगामा..., नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्टारर 'डॉ हसन' का ट्रेलर रिलीज

Dr Hassan trailer: यूनिवर्सल टेलीविजन के मशहूर शो 'हाउस' का यह इंडियन वर्जन एनबीसी यूनिवर्सल फॉर्मेट्स द्वारा लाइसेंस प्राप्त है। डॉ हसन को जियोहॉटस्टार के लिए बानीजे एशिया द्वारा निर्मित किया गया है।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 3:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
देखिए 'डॉ. हसन', 11 दिसंबर से केवल जियोहॉटस्टार पर।

Dr Hassan trailer: जानकी दास रुइया अस्पताल में कुछ मेडिकल रहस्य ऐसे हैं, जिनका कोई सीधा जवाब नहीं है। जब हर तरह की जांच और निदान विफल हो जाते हैं, तो केवल एक ही शख्स है जो इन पेचीदा मामलों को सुलझा सकता है—और वह हैं डॉ. हसन। जियोहॉटस्टारने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर सीरीज 'डॉ. हसन' का ट्रेलर जारी कर दिया है।

यह ट्रेलर एक ऐसे जीनियस डॉक्टर की दिलचस्प दुनिया की झलक दिखाता है, जिसकी असाधारण निदान क्षमता उसके अनोखे और बेबाक व्यक्तित्व से मेल खाती है। 11 दिसंबर से स्ट्रीम होने जा रही यह सीरीज़ दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाती है, जहां हर मरीज एक नई पहेली है, हर लक्षण एक सुराग है और सही मर्ज तक पहुंचना जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है।

इस कहानी के केंद्र में डॉ. हसन (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) हैं, जो एक मेडिकल जीनियस हैं और उनमें उन बारीकियों को पकड़ने की अद्भुत क्षमता है जिन्हें अक्सर दूसरे नजरअंदाज कर देते हैं। जहां एक ओर उनका दिमाग सबसे जटिल मेडिकल केसों को सुलझाने के लिए बना है, वहीं रोजमर्रा के रिश्तों को संभालना उनके बस की बात नहीं है।


उनकी सनक, काम करने के अप्रत्याशित तरीके और पारंपरिक नियमों की अनदेखी उन्हें एक मुश्किल सहकर्मी बनाती है, लेकिन उनकी प्रतिभा उन्हें अस्पताल के लिए जरूरी भी बनाती है। अस्पताल की कमान डॉ. पलक जैन (दीया मिर्जा) के हाथों में है, जो मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) होने के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज में हसन की सहपाठी भी रह चुकी हैं। वे हसन की काबिलियत को किसी भी अन्य व्यक्ति से बेहतर समझती हैं। हसन के साथ उनके सबसे करीबी दोस्त और भरोसेमंद साथी डॉ. विवेक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम (स्मरण साहू, रहमत रतन और जेसन थाम) है, जिन्हें एक ऐसे दिमाग के साथ काम करने की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है जो शायद ही कभी नियमों पर चलता है। जैसे-जैसे यह टीम जटिल और हैरान करने वाले मेडिकल मामलों को अपने हाथ में लेती है, 'डॉ. हसन' चिकित्सकीय प्रतिभा और मानवीय कमजोरियों के बीच की बारीक रेखा को बड़ी खूबसूरती से उकेरती है।

रोहन सिप्पी द्वारा निर्देशित 'डॉ. हसन' का रूपांतरण और पटकथा विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने लिखी है, जबकि इसके संवाद विराट बसोया ने लिखे हैं। बानीजे एशिया के बैनर तले दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी द्वारा निर्मित इस सीरीज़ के कार्यकारी निर्माता विभास सिंह गौतम हैं।

सीरीज के बारे में बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा- "डॉ. हसन को जो चीज़ सबसे दिलचस्प बनाती है, वह यह है कि वह लोगों को अच्छा लगने की कोशिश नहीं करता। वह अपने हाथ में लिए गए केसों में पूरी तरह डूबा रहता है और उसके लिए बाकी सब कुछ गौण है। एक अभिनेता के रूप में मुझे ऐसे विरोधाभासों को तलाशना बहुत पसंद है।

दीया मिर्जा ने कहा- "मुझे 'डॉ. हसन' में जो बात विशेष रूप से दिलचस्प लगी, वह यह है कि जहां मेडिकल केस शो की जान हैं, वहीं उनके इर्द-गिर्द के रिश्ते भी उतने ही प्रभावशाली हैं। पलक एक ऐसी महिला है जो हसन को अच्छी तरह जानती है, उसकी प्रतिभा को समझती है और इस बात से भी वाकिफ है कि वह कितना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

 
View this post on Instagram
 

A post shared by JioHotstar (@jiohotstar)

निर्देशक रोहन सिप्पी ने कहा- "भारतीय दर्शकों के लिए 'हाउस' जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पसंद किए जाने वाले फॉर्मेट को रूपांतरित करना एक रोमांचक रचनात्मक अवसर होने के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी थी। इस कहानी को जो चीज सबसे आकर्षक बनाती है, वह इसका केंद्रीय किरदार है—एक शानदार डॉक्टर जिसकी सबसे जटिल मेडिकल केसों को सुलझाने की क्षमता उसके उतने ही जटिल और अपरंपरागत व्यक्तित्व से मेल खाती है।

गौरतलब है कि 'डॉ. हसन' डेविड शोर द्वारा निर्मित सुपरहिट सीरीज 'हाउस' पर आधारित है, जिसका निर्माण हील एंड टो फिल्म्स, शोर जेड प्रोडक्शंस, बैड हैट हैरी प्रोडक्शंस और यूनिवर्सल टेलीविजन (यूनिवर्सल स्टूडियो ग्रुप का एक डिवीजन) द्वारा किया गया था। ह्यू लॉरी (Hugh Laurie) अभिनीत यह मूल सीरीज 2004 से 2012 तक फॉक्स पर आठ सीजन तक प्रसारित हुई थी। समीक्षकों द्वारा प्रशंसित इस सीरीज ने पांच प्राइमटाइम एमी अवार्ड्स, दो गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स, एक पीबॉडी अवार्ड और नौ पीपल्स च्वाइस अवार्ड्स सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं।

बानिजे एशिया द्वारा निर्मित और रोहन सिप्पी द्वारा निर्देशित यह 'हॉटस्टार स्पेशल' सीरीज प्लेटफॉर्म की दमदार और जमीन से जुड़ी कहानियों की सूची में एक नया और अनूठा आयाम जोड़ती है। देखिए 'डॉ. हसन', 11 दिसंबर से केवल जियोहॉटस्टार पर।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।