Sanjay Gupta News: 'कांटे' से लेकर 'काबिल' तक कई शानदार फिल्मों का किया निर्देशन, संजय गुप्ता के निधन से सदमे में बॉलीबुड स्टार्स

Sanjay Gupta News: 'कांटे', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'जिंदा' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले निर्देशक संजय गुप्ता का 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। बॉलीवुड एक्टर्स ने फिल्ममेकर को श्रद्धांजलि दी है।

अपडेटेड Oct 31, 2026 पर 2:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
1967 में मुंबई में जन्मे संजय गुप्ता ने 26 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'आतिश फील द फायर' से की थी।

Sanjay Gupta News: 'कांटे' और 'जिंदा' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक संजय गुप्ता का 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि फिल्म निर्माता और FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर की। फिल्म निर्माता का निधन शुक्रवार रात और शनिवार सुबह के बीच मुंबई स्थित उनके घर पर हुआ। अशोक पंडित ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि मौत की वजह सिर में लगी चोट थी। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार वर्सोवा पुलिस स्टेशन में 'एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट' (ADR) दर्ज की गई है और मामले की जांच चल रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश या गड़बड़ी का संदेह नहीं है। जैसे ही फिल्म निर्माता के निधन की खबर सोशल मीडिया पर फैली फिल्म जगत के लोगों ने गहरा दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अशोक पंडित पोस्ट


इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अशोक पंडित ने लिखा- "यह वाकई चौंकाने वाला और दुखद है। अभी खबर मिली कि हमारे प्यारे दोस्त और बेहतरीन निर्देशक संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे। घर पर सिर में चोट लगने की वजह से उनका निधन हो गया। एक और बेहतरीन प्रतिभा बहुत जल्दी चली गई। वे कहानियों को बहुत शानदार ढंग से पेश करते थे, हमेशा जोश से भरे रहते थे और सिनेमा के प्रति बेहद जुनूनी थे। हमारी इंडस्ट्री के लिए यह एक बहुत बड़ा नुकसान है। दोस्त तुम्हारी बहुत याद आएगी। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति। उनके अंतिम संस्कार की जानकारी जल्द ही दी जाएगी।"

तरण आदर्श

ट्रेड एनालिस्ट और क्रिटिक तरण आदर्श ने शनिवार सुबह X (पहले ट्विटर) पर ट्वीट किया, “शब्द नहीं मिल रहे... यकीन ही नहीं हो रहा कि डायरेक्टर #संजयगुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे... कुछ दिन पहले ही उनके घर पर आयोजित 'माता की चौकी' में उनसे मुलाकात हुई थी... यह वाकई दिल तोड़ने वाला है और इस बात को स्वीकार करना बहुत मुश्किल है... उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं... ओम शांति।”

फिल्ममेकर कुणाल कोहली

फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने भी X पर अपना दुख जताया: “समझ नहीं आ रहा कि इस खबर पर कैसे यकीन करूँ। #संजयगुप्ता, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। एक महीने से कुछ समय पहले ही उनसे बात हुई थी। कुछ साल पहले हम दोनों एक अवॉर्ड शो की जूरी में थे - हम जितनी जल्दी बहस कर लेते थे, उतनी ही जल्दी बाद में उस पर हंस भी लेते थे। आपको अभी और भी कई फिल्में बनानी थीं और लंबा सफर तय करना था। परिवार के लिए प्रार्थनाएं और उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति मिले।”

संजय दत्त

संजय दत्त ने कांटे के सेट की फोटो शेयर कर लिखा- गुप्ता मेरे भाई। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम चले गए हो। हमने साथ में बहुत कुछ साझा किया है, इतनी सारी यादें और दोस्ती के इतने सारे साल। तुम हमेशा मेरे लिए परिवार की तरह रहे हो और यह बात कभी नहीं बदलेगी। मैं तुम्हें, हमारी बातचीत को और हमारे साथ बिताए गए हर पल को बहुत याद करूंगा। अभी कुछ समय पहले ही हम 'कांटे 2' के बारे में बात कर रहे थे। मेरे भाई, तुम्हारी याद में मैं 'कांटे 2' को तुम्हारा सपना बना दूंगा। तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं सब कुछ करूंगा। तुमसे हमेशा प्यार करता रहूंगा। तुम्हारे बिना जिंदगी अब वैसी नहीं रहेगी भाई। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।

View this post on Instagram

A post shared by Sanjay Dutt (@duttsanjay)

बता दें काजोल, अर्जुन कपूर, रवीना टंडन जैसे सितारों ने भी गुप्ता को याद किया और श्रद्धांजलि दी है। गुप्ता की अचानक मौत से बॉलीवुड में मातम पसर गया है। हर कोई इस खबर से सदमे में हैं।

संजय गुप्ता की बायोग्राफी

1967 में मुंबई में जन्मे संजय गुप्ता ने 26 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'आतिश फील द फायर' से की। इस फिल्म में संजय दत्त, आदित्य पंचोली, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर और अतुल अग्निहोत्री मुख्य भूमिकाओं में थे।

उन्होंने गैंगस्टर फिल्में बनाने में महारत हासिल कर ली थी। इसका बेहतरीन उदाहरण 2002 की फिल्म 'कांटे' है, जिसमें अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, कुमार गौरव, लकी अली और महेश मांजरेकर ने काम किया था। इसे अक्सर उनका सबसे बेहतरीन काम और बॉलीवुड की सबसे अच्छी गैंगस्टर फिल्मों में से एक माना जाता है।

यह फिल्म क्वेंटिन टारनटिनो की 'रिजर्वोयर डॉग्स' से प्रेरित थी। इसके बाद उन्होंने 'जिंदा' जैसी सफल और समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्में बनाईं, जिसमें संजय दत्त और जॉन अब्राहम मुख्य भूमिकाओं में थे। उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में से एक ऋतिक रोशन अभिनीत 'काबिल' थी, जिसने दुनिया भर में 208 करोड़ रुपये की कमाई की और यह उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।

संजय ने 2005 में 'प्लान' फिल्म के साथ फिल्म निर्माण (प्रोडक्शन) के क्षेत्र में कदम रखा, लेकिन उन्हें दो साल बाद 'शूटआउट एट लोखंडवाला' से सफलता मिली। अपूर्व लाखिया द्वारा निर्देशित इस फ़िल्म ने दुनिया भर में 46 करोड़ रुपये की कमाई की। संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म 2024 की स्पोर्ट्स ड्रामा 'द मिरांडा ब्रदर्स' थी, जिसमें हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। यह फिल्म जियोसिनेमा (JioCinema) पर रिलीज हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।