Kangana Ranaut: अभिनेत्री-राजनेता कंगना रनौत ने एक पुरानी फैशन घटना का जिक्र करके ऑनलाइन एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है, जिसके बारे में उनका कहना है कि वह उन्हें आज भी परेशान करती है। इंस्टाग्राम और ट्विटर पर शेयर की गई पोस्ट में, कंगना ने दावा किया कि डिजाइनर मसाबा गुप्ता के डिजाइन किए गए कपड़े उन्हें पहनने से मना किया गया था, क्योंकि वे राम जन्मभूमि दर्शन के लिए थे।
यह मुद्दा तब सामने आया जब उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर इसका जिक्र किया। जैसे ही फॉलोअर्स ने और सवाल पूछे, कंगना ने बाद में एक लंबी चौड़ी पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इस घटना ने फैशन इंडस्ट्री में मौजूद भेदभाव को उजागर किया।
X पर कंगना ने सवाल उठाया कि शूट की तस्वीरें ऑनलाइन वायरल होने के बावजूद डिजाइनर या ब्रांड द्वारा इन्हें क्यों नहीं शेयर किया। उन्होंने लिखा, “जब भी किसी सेलिब्रिटी पर उनके ब्रांड के कपड़े नज़र आते हैं तो डिजाइनर बहुत उत्साहित हो जाते हैं। क्या आपने मसाबा या उनके ब्रांड हैंडल को इन तस्वीरों का इस्तेमाल करते देखा है? ये तस्वीरें इंटरनेट पर हर जगह थीं। क्या आप बता सकते हैं कि वह इन तस्वीरों का इस्तेमाल क्यों नहीं कर रही हैं या स्टाइलिस्ट उन्हें टैग क्यों नहीं कर रहे हैं?”
उन्होंने घटना बताते हुए कहा कि यह घटना उनकी फिल्म 'तेजस' की रिलीज के आसपास घटी थी। “उन दिनों 'तेजस' रिलीज होने वाली थी, इसलिए मैं रामजन्मभूमि दर्शन के लिए जाना चाहती थी। मैंने उसी स्टाइलिस्ट से, जो 'तेजस' के कार्यक्रमों के लिए मेरी स्टाइलिंग कर रही थी, दर्शन यात्रा के लिए भी मदद करने का अनुरोध किया।”
कंगना ने आगे कहा कि हालांकि उन्हें पहले भी पेशेवर तौर पर दूरी का सामना करना पड़ा है, लेकिन इस खास पल ने उन्हें बहुत बुरा फील कराया था। उन्होंने लिखा, “मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि कई स्टाइलिस्ट और डिजाइनरों ने मुझे अपने हैंडल से बैन कर दिया है, लेकिन इस खास घटना ने मुझे सबसे ज्यादा दुख पहुंचाया, क्योंकि मसाबा ने मेरे प्रमोशन के लिए स्टाइलिस्ट को कपड़े भेजे थे, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि ये रामजन्मभूमि के लिए हैं, तो उन्होंने स्टाइलिस्ट से कहा कि वह उनके कपड़े इस्तेमाल न करें…”
उन्होंने आगे स्टाइलिस्ट की प्रतिक्रिया और उसके बाद की चीजों को बताया। एक्ट्रेस ने कहा कि स्टाइलिस्ट बहुत ही अच्छी महिला हैं। उन्हें इतनी शर्मिंदगी हुई कि उन्होंने दबी आवाज में मुझसे कहा कि मैं मसाबा या उनके ब्रांड को टैग न करूं और बताया कि उन्होंने साड़ी के पैसे अपनी जेब से दे दिए हैं, इसलिए मुझे बुरा न लगे। लेकिन जब तक मुझे इस सब के बारे में पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी…”
कंगना ने लिखा, “मैं तैयार थी और राम जन्मभूमि जा रही थी, लेकिन यह सब बर्दाश्त करना बहुत मुश्किल था। नफरत, कड़वाहट, भेदभाव, छी! कितना घिनौना है!! अभी भी मेरा दिल कांप जाता है!! डिजाइनर ने अभी तक कंगना के दावों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।