बॉक्स ऑफिस पर पिटने के बाद दोबारा रिलीज होगी कपिल शर्मा की फिल्म, ट्रेलर हुआ रिलीज

कपिल शर्मा की फिल्म 'किस किस को प्यार करूं 2' बॉक्स ऑफिस पर पहले असफल रहने के बाद अब 9 जनवरी को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज की जा रही है। वहीं अब मेकर्स ने फिल्म के री-रिलीज से पहले फिल्म का नया ट्रेलर भी जारी किया है

अपडेटेड Jan 05, 2026 पर 6:30 PM
Story continues below Advertisement
फिल्म के ट्रेलर में कॉमेडी और मजेदार सीन की झलक देखने को मिलती है

कपिल शर्मा की फिल्म 'किस किस को प्यार करूं 2' एक बार बॉक्स ऑफिस पर असफल होने के बाद अब दोबारा से सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ये फिल्म अब 9 जनवरी को दोबारा सिनेमाघरों में री-रिलीज होने जा रही है। पहले ये फिल्म 12 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। लेकिन ये फिल्म रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर के आगे टिक नहीं पाई और बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को लाने में नाकाम रही। इसकी वजह से फिल्म जल्द ही थिएटर से हट गई थी। वहीं अब फिल्म दोबारा से रिलीज होने जा रही है। वहीं री-रिलीज से पहले फिल्म का नया ट्रेलर भी जारी किया गया है, जिसमें कॉमेडी और मजेदार सीन की झलक देखने को मिलती है।

कैसे होती है ट्रेलर की शुरुआत

कपिल शर्मा की फिल्म किस किसको प्यार करूं 2 के नए ट्रेलर की शुरुआत उनके अलग-अलग किरदारों से होती है, जहां वह मोहन, मिशेल और महमूद के रूप में नजर आते हैं। ट्रेलर में दिखता है कि उनकी जिंदगी कितनी उलझी और भागदौड़ भरी है। कहानी मजेदार गलतफहमियों, बेझिझक कॉमेडी और अचानक आने वाले ट्विस्ट से भरी हुई है। कुल मिलाकर, ट्रेलर एक हल्की-फुल्की पारिवारिक कॉमेडी की झलक देता है, जिसे दोस्तों और परिवार के साथ बड़े पर्दे पर देखा जा सकता है। इस बार कहानी और भी आगे बढ़ जाती है, क्योंकि वह सिर्फ तीन नहीं बल्कि चार शादियां करते नजर आते हैं।


पहले फिल्म क्यों हटाई गई

इससे पहले कपिल शर्मा की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि फिल्म का थिएटर रन कम रहने की वजह से इसका प्रदर्शन प्रभावित हुआ। बयान में कहा कि, "ऑडियंस को कपिल शर्मा की पसंदीदा एंटरटेनर किस किसको प्यार करूं के बहुप्रतीक्षित सीक्वल के जरिए पुरानी यादों में लौटने का मौका मिला। फिल्म को ऑडियंस और क्रिटिक्स, दोनों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला। लेकिन उसी समय दूसरी फिल्मों की रिलीज के चलते मल्टीप्लेक्स में स्क्रीन कम मिलने से इसका थिएटर रन सीमित रह गया।"

कौन-कौन है फिल्म में

अनुकल्प गोस्वामी के निर्देशन में बनी इस सीक्वल फिल्म में कपिल शर्मा, मनजोत सिंह, हीरा वरीना, त्रिधा चौधरी, पारुल गुलाटी और आयशा खान लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म को अब्बास-मस्तान, गणेश जैन और रतन जैन ने प्रोड्यूस किया है। दोबारा रिलीज के साथ मेकर्स को उम्मीद है कि जनवरी के व्यस्त फिल्मी माहौल का उन्हें फायदा मिलेगा। इस दौरान सिनेमाघरों में इक्कीस, हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस, द राजासाब, जाना नायकन और बॉर्डर 2 जैसी बड़ी फिल्में भी लगी होंगी, जिनके बीच दर्शकों का ध्यान खींचना उनके लिए एक चुनौती और मौका दोनों होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।