Kartik Aaryan: बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन की बहन डॉ कृतिका तिवारी ने हाल ही में तेजस्वी सिंह से शादी की है। उनकी शादी ग्वालियर में हुई। अभिनेता अपने परिवार और करीबियों के साथ पूरे दिल से खुशियां मनाते नज़र आए। कृतिका की शादी के कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। जिनमें कार्तिक अपनी बहन की शादी में खूब मस्ती करते नज़र आए थे।
अब, कार्तिक आर्यन ने अपनी बहन की शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं और उनके लिए एक बेहद भावुक नोट लिखा है। एक्टर ने लिखा कि उन्होंने अपनी बहन को छोटी बच्ची से एक खूबसूरत दुल्हन बनते देखा है और उन्हें उस महिला पर बहुत गर्व है, जो वह आज है।
शनिवार को, कार्तिक आर्यन ने अपने इंस्टाग्राम पर कृतिका और तेजस्वी की शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में कार्तिक स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन के बीच हाथ जोड़े पोज़ देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक और प्यारी तस्वीर में वह अपनी बहन के लिए फूलों की चादर पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।
आखिरी तस्वीर एक खूबसूरत फैमली तस्वीर है, जिसमें कार्तिक और कृतिका की मां माला तिवारी भी हैं। अपनी बहन के लिए लिखे अपने नोट में, कार्तिक ने लिखा, "कुछ दिन ऐसे होते हैं जो चुपचाप आपकी दुनिया बदल देते हैं... आज उनमें से एक दिन था। अपनी किकी को दुल्हन बनते देखना ऐसा लगा जैसे सालों को पल में बदलते हुए देख रहा हूं!
किकी, मैंने तुम्हें उस छोटी बच्ची से, जो हर जगह मेरे पीछे दौड़ती थी, खूबसूरत दुल्हन में बदलते देखा है, जो आज इतनी खुशी और ताकत के साथ अपने नए जीवन में कदम रख रही है। मुझे तुम पर गर्व है कि तुम एक महिला बन गई हो, तुम्हारे वैल्यूज पर गर्व है, और हमारीसाथ में शेयर की गई हर हंसी, लड़ाई, सीक्रेट और यादों के लिए आभारी हूं। आज, जब तुम आगे बढ़ रही थीं, मेरा दिल तुम्हारे साथ था।"
उन्होंने आगे कहा, "तुम भले ही एक नया चैप्टर शुरू कर रही हो, लेकिन तुम हमेशा मेरी छोटी बहन रहोगी, हमारे परिवार की धड़कन रहोगी। मेरे लिए इससे ज़्यादा खुशी की कोई बात नहीं है कि तुम्हें वो सब मिलने वाला प्यार, तेज जैसे प्यारे और देखभाल करने वाले इंसान के साथ मिला। ईश्वर करे कि यह नया सफ़र तुम्हें वो सब कुछ दे जिसका तुमने कभी सपना देखा था।"
कृतिका ने अपने भाई की पोस्ट पर रिएक्ट देते हुए लिखा, "ये एल्बम में मेरी पूरी दुनिया है। इसे देखकर और एक ही पल में इतने सारे आशीर्वाद लेकर, मैं खुश हूं।" इस बीच, तेजस्वी ने एक दिल वाला इमोजी शेयर किया। कार्तिक की बहन, डॉ कृतिका तिवारी, एक हेयर ट्रांसप्लांट स्पेशलिश्ट हैं, जबकि उनके पति, तेजस्वी कुमार सिंह, एक पायलट हैं।