बॉलीवुड की 'गोल्डन गर्ल' कियारा आडवाणी इन दिनों अपनी लाइफ के सबसे खूबसूरत फेज का लुत्फ उठा रही हैं। साल 2025 में मां बनने के बाद से कियारा ने चकाचौंध भरी दुनिया से थोड़ी दूरी बना ली थी ताकि वह अपनी नन्हीं परी 'सराय मल्होत्रा' के साथ समय बिता सकें। अब लंबे समय बाद कियारा ने खुलकर बात की है कि कैसे एक बच्चे के आने के बाद उनका जीवन और सोचने का नजरिया पूरी तरह बदल गया है।
एक हालिया इंटरव्यू में कियारा आडवाणी ने अपने दिल की बात साझा करते हुए कहा कि मां बनने के बाद वह पहले से कहीं ज्यादा प्रोटेक्टिव हो गई हैं। उन्होंने खुद की तुलना एक 'शेरनी' से करते हुए कहा: "मैं अब एक शेरनी की तरह हो गई हूं। अब मैं जिंदगी को एक बिल्कुल अलग नजरिए से देखती हूं। यह एक ऐसा अहसास है जहां ऐसा लगता है कि अब कुछ भी मायने नहीं रखता, और साथ ही, सब कुछ बहुत ज्यादा मायने रखने लगा है।"
कियारा ने बताया कि माँ बनने के बाद भी पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ उनका बॉन्ड वैसा ही है। उन्होंने साझा किया कि शादी से पहले उनकी जो मस्ती और साथ में यात्रा करने का शौक था, वह आज भी बरकरार है। दोनों आज भी साथ में फ़िल्में देखते हैं और एक सिनेमा प्रेमी व कलाकार के तौर पर उन पर चर्चा करते हैं। यह तालमेल ही उनके रिश्ते को खास बनाता है।
'Toxic' के साथ धमाकेदार वापसी
ब्रेक के बाद कियारा अब काम पर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह जल्द ही फिल्म 'Toxic' में नजर आएंगी, जो उनका तेलुगु डेब्यू भी है। फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास ने कियारा की जमकर तारीफ की है। गीतू का मानना है कि इस रोल के लिए कियारा हमेशा से उनकी पहली और एकमात्र पसंद थीं।
निर्देशक ने कहा कि कियारा ने खुद को इस किरदार के लिए पूरी तरह समर्पित कर दिया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में कियारा का किरदार 'नादिया' कोमलता और उग्रता का एक अनूठा मिश्रण है। फिल्म की शूटिंग के दौरान कियारा ने न केवल शारीरिक बल्कि भावनात्मक रूप से भी खुद को चुनौती दी है।
यश स्टारर फिल्म 'Toxic' पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, जहाँ बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से होना था। हालांकि, मध्य पूर्व (Middle East) में चल रहे तनाव के कारण मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ाकर अब 4 जून कर दिया है।