फिल्म 'सैयारा' से चर्चा में आईं अभिनेत्री अनीत पड्डा इन दिनों एक अनचाहे विवाद के केंद्र में हैं। हैरानी की बात यह है कि इस विवाद की वजह अनीत खुद नहीं, बल्कि उनकी बहन रीत पड्डा के सोशल मीडिया पोस्ट्स हैं। रीत द्वारा हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्मों पर की गई टिप्पणी ने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है, जिसका खामियाजा अब अभिनेत्री को भी भुगतना पड़ रहा है।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब रीत पड्डा के कुछ पुराने कमेंट्स और पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। इन पोस्ट्स में रीत ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर', 'द केरल स्टोरी' और 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी चर्चित फिल्मों को "प्रोपेगेंडा" करार दिया था।
ट्रोलिंग के बाद उठाया बड़ा कदम
लगातार बढ़ते विरोध और तीखी प्रतिक्रियाओं को देखते हुए रीत पड्डा ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। उन्होंने न केवल अपना इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट कर लिया है, बल्कि अपनी प्रोफाइल पिक्चर (DP) भी हटा दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने लिखा: "मिलिए अनीत पाड्डा की बहन रीत से, जो धुरंधर का मजाक उड़ाती हैं और इसे प्रोपेगेंडा कहती हैं। फैंस के ट्रोल करने के बाद अब उन्होंने अपना अकाउंट प्राइवेट कर लिया है। धुरंधर के प्रशंसकों से पंगा न लें।"
अनीत पाड्डा भी आईं निशाने पर
इस विवाद की आंच अनीत पड्डा तक भी पहुंच गई है। नेटिजन्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या अनीत भी अपनी बहन के विचारों से इत्तेफाक रखती हैं? हालांकि, कुछ प्रशंसकों ने अनीत का बचाव करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को उसकी बहन के निजी विचारों के लिए निशाना बनाना गलत है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रीत पाड्डा फिलहाल यूरोप में रह रही हैं। कुछ अपुष्ट सूत्रों का यह भी दावा है कि रीत के अपने परिवार और बहन अनीत के साथ रिश्ते बहुत अच्छे नहीं हैं, लेकिन विवाद की वजह से दोनों का नाम साथ जोड़ा जा रहा है।
अनीत की चुप्पी और आगामी प्रोजेक्ट्स
फिलहाल, न तो अनीत पड्डा और न ही रीत ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। अनीत ने इस विवाद से दूरी बनाते हुए अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना बेहतर समझा है।
काम की बात करें तो, अनीत जल्द ही मैडॉक्स फिल्म्स की फिल्म 'शक्ति शालिनी' में नजर आएंगी, जो इस साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा 'सैयारा' की सफलता के बाद उनके पास कई बड़े विज्ञापन और प्रोजेक्ट्स भी हैं। अब देखना यह है कि क्या आने वाले समय में अनीत इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ती हैं या नहीं।