Santosh K Nair dies: केरल में चुनावी नतीजों को लेकर जारी चर्चा के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार (5 मई) तड़के पथनमथिट्टा जिले के एनाथु में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दिग्गज मलयालम अभिनेता संतोष नायर की मौत हो गई। यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे हुई, जब नायर जिस कार में यात्रा कर रहे थे। उनकी कार एक लॉरी से टकरा गई, जिससे वह और उनकी पत्नी घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि कार के स्टीयरिंग व्हील से सीने के टकराने के कारण नायर को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आगे बताया कि उनकी पत्नी की पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। 'इंडियन एक्सप्रेस' के मुताबिक, संतोष को हादसे के तुरंत बाद एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया।
उनकी पत्नी उस समय उनके साथ थीं जब उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई थी। उनका फिलहाल इलाज चल रहा है। अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जाने जाने वाले संतोष के. नायर ने मलयालम सिनेमा में अपनी एक खास जगह बनाई। खासकर अपने यादगार विलेन और कॉमेडी किरदारों के ज़रिए उन्होंने अलग पहचान बनाई।
नायर ने 1982 की फिल्म "इथु नंगलुडे कथा (Ithu Njangalude Katha)" से मलयालम सिनेमा में डेब्यू किया था। उसके बाद उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया। इनमें उन्होंने विलेन, हीरो, सहायक भूमिकाओं आदि जैसे कई तरह के किरदार निभाए। उनकी हालिया फिल्म "मोहिनीअट्टम (Mohiniyattam)" इस समय सिनेमाघरों में चल रही है।
फिल्मों के अलावा संतोष का सुपरस्टार मोहनलाल के साथ एक दिलचस्प निजी जुड़ाव भी था। दोनों MG कॉलेज में साथ थे, जहां संतोष ने गणित में BSc की पढ़ाई की थी। जबकि मोहनलाल ने कॉमर्स की पढ़ाई की थी। कई इंटरव्यू में संतोष ने अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए बताया कि हालांकि दोनों की उम्र लगभग एक जैसी थी।
फिर भी मोहनलाल उनके सीनियर बन गए थे। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि संतोष ने इंजीनियरिंग करने के लिए कुछ समय के लिए अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। फिर बाद में अपनी डिग्री पूरी करने के लिए वापस लौटे थे। संतोष के. नायर का अचानक से निधन मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में इस खबर से शोक की लहर है।