Kalita Majhi: घरों में बर्तन धोने से लेकर विधायक बनने तक... बंगाल में 'भगवा लहर' के बीच BJP की कलिता माझी की क्यों हो रही चर्चा?

Kalita Majhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से पश्चिम बंगाल की उम्मीदवार कलिता माझी 4 घरों में घरेलू कामगार के तौर पर काम करती हैं। वह महीने के ₹2,500 कमाती हैं। लेकिन अब वह विधायक बन गई हैं। उन्होंने ऑसग्राम निर्वाचन क्षेत्र से ऐतिहासिक जीत हासिल की है

अपडेटेड May 05, 2026 पर 9:51 AM
Story continues below Advertisement
Kalita Majhi: बीजेपी की विधायक बनीं कलिता माझी 4 घरों में घरेलू कामगार के तौर पर काम करती हैं

Kalita Majhi: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता कलिता माझी चर्चा में बनी हुई हैं। घरेलू कामगार के तौर पर काम कर 2,500 रुपये कमाने वाली कलिता अब पश्चिम बंगाल की विधायक बन गई हैं। BJP उम्मीदवार कलिता माझी 4 घरों में घरेलू कामगार के तौर पर काम करती हैं। इन घरों में बर्तन साफ कर वह महीने के ₹2,500 कमाती हैं। उन्होंने ऑसग्राम निर्वाचन क्षेत्र से शानदार जीत हासिल की है। उनकी कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

उनकी यह जीत भारतीय जनता पार्टी को मिले जबरदस्त जनादेश के साथ आई है, जिसने बंगाल में सत्ता पर कब्जा कर लिया है। माझी को 1,07,692 वोट मिले। उन्होंने TMC उम्मीदवार श्यामा प्रसन्ना लोहार को 12,535 वोटों के अंतर से हराया। गुस्करा नगर पालिका की रहने वाली मांझी ने राजनीति में आने से पहले चार घरों में घरेलू सहायिका के तौर पर काम किया था।

उनकी उम्मीदवारी ने अपने जमीनी जुड़ाव के कारण सबका ध्यान खींचा था। अब उनकी जीत चुनावी राजनीति के जरिए सामाजिक आर्थिक तरक्की का एक अनोखा उदाहरण बन गई है। इससे पहले उन्होंने 2021 का विधानसभा चुनाव लड़ा। लेकिन तृणमूल कांग्रेस के अभेदानंद थांडर से 11,815 वोटों से हार गई थीं।


इसके बाद उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाने का BJP का फ़ैसला उनके स्थानीय जुड़ाव पर पार्टी के भरोसे को दिखाता है, जिसका फायदा इस बार उन्हें चुनावी जीत के रूप में मिला है। मांझी की जीत ऐसे समय में हुई है जब BJP को जबरदस्त जीत मिली है। 294 सदस्यों वाली विधानसभा में BJP ने 208 सीटें हासिल कर दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार किया। राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में BJP की जीत के साथ ही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और उनके कई मंत्री चुनाव हार गए। ममता बनर्जी अपने गृह क्षेत्र भवानीपुर में BJP के शुभेंदु अधिकारी से 15,105 मतों से हार गईं। हालांकि, तृणमूल के वरिष्ठ मंत्री शोवनदेब चट्टोपाध्याय, फिरहाद हकीम और जावेद खान चुनाव जीत गए।

खान ने दक्षिण कोलकाता के कस्बा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत हासिल की, उन्होंने भाजपा के संदीप मुखर्जी को 20,974 मतों से हराया। दक्षिण कोलकाता के प्रतिष्ठित बॉलीगंज निर्वाचन क्षेत्र में शोवनदेब चट्टोपाध्याय ने BJP के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतरूप को 61,476 मतों से हराया।

कोलकाता के महापौर और निवर्तमान ममता बनर्जी मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री रहे फिरहाद हकीम ने कोलकाता पोर्ट सीट पर BJP के राकेश सिंह को 56,000 से अधिक मतों से हराया। बनर्जी के भरोसेमंद सहयोगी हकीम ने लगातार चौथी बार यह सीट जीती है।

तृणमूल सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी नयना बंदोपाध्याय ने चौरंगी सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संतोष पाठक को 22,002 मतों से हराया। तृणमूल के मंत्री उदय गुहा दिन्हाटा सीट पर BJP के अजय राय से 17,000 से अधिक मतों से हार गए।

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu Result: कौन हैं आर. सबरीनाथन? विजय के ड्राइवर के बेटे ने दिग्गज DMK नेता को दी मात, हर जगह हो रही चर्चा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।