रानी मुखर्जी की लोकप्रिय ‘मर्दानी’ फ्रैंचाइजी का तीसरा पार्ट, ‘मर्दानी 3’, बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिन ठीक ठाक ओपनिंग के बाद वीकेंड पर दर्शकों की भारी उपस्थिति और बेहतरीन रिस्पॉन्स के चलते तेजी से कमाई बढ़ाई। खास बात ये है कि इस फिल्म ने सनी देओल की एक्शन ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ को भी पीछे छोड़ते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। आलोचक और दर्शक दोनों ने रानी मुखर्जी की दमदार परफॉर्मेंस की सराहना की है, जिससे फिल्म को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ भी मिला। फिल्म की कहानी, थ्रिलर अंदाज और हाई-टेंशन एक्शन ने दर्शकों को थिएटर तक खींचा।
वीकेंड पर कलेक्शन की रफ्तार इस बात का संकेत देती है कि ‘मर्दानी 3’ अपने सीक्वल्स की तरह ही दर्शकों के बीच पसंदीदा बन रही है। इसके साथ ही फिल्म ने पहले हफ्ते में शानदार कमाई के संकेत भी दे दिए हैं।
रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने लगभग 7.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिससे फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 17.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। पहले दिन फिल्म ने 4 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 6.25 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन की तुलना में तीसरे दिन कलेक्शन में और भी इजाफा हुआ, जो दर्शकों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
ऑक्यूपेंसी रेट ने दिखाई दर्शकों की दिलचस्पी
रविवार को फिल्म की हिंदी वर्जन में कुल ऑक्यूपेंसी 33.29% रही। मॉर्निंग शो में 13.23%, दोपहर में 37.04%, शाम में 49.80% और नाइट शो में 33.10% दर्शकों ने सीट भरी। खासकर शाम के शो सबसे लोकप्रिय रहे, लगभग 50% तक पहुंचकर फिल्म की पकड़ दिखा दी।
रिलीज के तीसरे दिन, रानी मुखर्जी की फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये कमाकर काजोल की फिल्म ‘मां’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिसने तीसरे दिन 7 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह ‘मर्दानी 3’ ने पहले ही सप्ताहांत में शानदार कमाई कर इतिहास रचा।
फिल्म में रानी मुखर्जी, जानकी बोडीवाला और मल्लिका प्रसाद की अहम भूमिकाएं हैं, जबकि इसे अभिराज मिनावाला ने डायरेक्ट किया है। रानी मुखर्जी ने अपने पुराने रोल शिवानी शिवाजी रॉय को फिर से दमदार अंदाज में पेश किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कहानी और प्रदर्शन दोनों ने ही दर्शकों का दिल जीत लिया।