बॉलीवुड की 'डांस क्वीन' नोरा फतेही अपने बोल्ड मूव्स और शानदार डांस के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इस बार उनका एक नया गाना तारीफों के बजाय विवादों के घेरे में आ गया है। आगामी कन्नड़ फिल्म 'KD: द डेविल' के आइटम नंबर 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है। विवाद की मुख्य वजह गाने के बोल हैं, जिन्हें नेटिजन्स और संगीत जगत के दिग्गजों ने 'अश्लील' और 'घटिया' करार दिया है।
रविवार को रिलीज हुए इस गाने में नोरा फतेही के साथ दिग्गज अभिनेता संजय दत्त भी नजर आ रहे हैं। एक डांस बार के बैकड्रॉप पर फिल्माए गए इस गाने में नोरा के डांस की तो कुछ प्रशंसकों ने सराहना की, लेकिन गाने के 'डबल मीनिंग' बोल लोगों को रास नहीं आए। सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि साल 2026 में भी इस तरह के 'फूहड़' बोल और दृश्यों का इस्तेमाल करना भारतीय सिनेमा की रचनात्मकता पर सवाल खड़े करता है।
अरमान मलिक ने जताई नाराजगी
इस विवाद में तब और तेजी आई जब मशहूर गायक अरमान मलिक ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा: "यह गाना मेरी टाइमलाइन पर आया और मुझे दोबारा सुनना पड़ा ताकि यकीन कर सकूं कि जो मैंने सुना वह सही है। कमर्शियल सॉन्ग राइटिंग को इस स्तर तक गिरते देखना वाकई दुखद है।" एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पास शब्द नहीं हैं और वह चाहते हैं कि काश वह इस गाने को अनसुना कर पाते। अरमान के इस स्टैंड का हजारों संगीत प्रेमियों ने समर्थन किया है।
वकील विनीत जिंदल की शिकायत
दिल्ली हाईकोर्ट के वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने नोरा फतेही और संजय दत्त के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इसे बेहद अश्लील और आपत्तिजनक बताते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, साथ ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी लिखित आवेदन भेजा। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज करने, गाने को सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाने और नोरा फतेही, संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम व मेकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। जिंदल ने कहा कि गाने के दोहरे अर्थ वाले बोल जैसे "चूसेगा या चाटेगा" समाज में गलत संदेश देते हैं, खासकर युवाओं और महिलाओं की गरिमा पर असर डालते हैं। विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने गाना यूट्यूब से हटा लिया, जबकि NHRC ने भी नोटिस जारी कर जांच शुरू की है।
सोशल मीडिया पर 'बैन' की मांग
यूट्यूब और अन्य प्लेटफार्मों पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स ने इसे "अश्लीलता की पराकाष्ठा" बताया है। लोग न केवल गीतकार बल्कि फिल्म के मेकर्स पर भी निशाना साध रहे हैं। प्रशंसकों को सबसे ज्यादा हैरानी संजय दत्त की मौजूदगी पर हुई, क्योंकि हाल ही में उनकी फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद उनसे ऐसे प्रोजेक्ट की उम्मीद नहीं की जा रही थी।
फिल्म के बारे में जानकारी
विवादित गाना फिल्म 'KD: द डेविल' का है, जिसमें ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में शिल्पा शेट्टी, रमेश अरविंद और रवीश चंद्रन जैसे बड़े सितारे भी शामिल हैं। प्रेम द्वारा निर्देशित यह फिल्म 30 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले ही इस गाने ने मेकर्स के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।