Palash Muchhal: सांगली में पलाश मुच्छल पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने जांच की शुरू

Palash Muchhal: सिंगर पलाश मुच्छल एक बार फिर खबरों में आ गए हैं। उन पर सांगली में एक निर्माता से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपडेटेड Jan 23, 2026 पर 8:09 AM
Story continues below Advertisement
सांगली में पलाश मुच्छल पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

Palash Muchhal: म्यूजिसियन और सिंगर पलाश मुच्छल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार गंभीर धोखाधड़ी के आरोपों के चलते वह खबरों में छाए हुए हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, महाराष्ट्र के सांगली जिले में संगीतकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें उन पर एक स्थानीय व्यक्ति से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले की प्रारंभिक जांच चल रही है।

शिकायत 34 साल के अभिनेता और निर्माता विज्ञान माने ने दर्ज कराई है, जिन्होंने पलाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए सांगली के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को पुष्टि की कि प्रारंभिक जांच के तहत आवेदन की जांच की जा रही है।

शिकायत के अनुसार, विज्ञान माने की पहली मुलाकात पलाश मुच्छल से 5 दिसंबर, 2023 को सांगली में हुई थी। उनकी मुलाकात के दौरान, पलाश ने कथित तौर पर फिल्म निर्माण में इनवेस्ट करने में रुचि दिखाई। माने ने दावा किया कि पलाश ने उन्हें अपनी आगामी परियोजना 'नजारिया' में निर्माता के रूप में निवेश करने का अवसर प्रदान किया।


शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि पलाश ने इंवेस्ट पर पर्याप्त लाभ का वादा करते हुए कहा था कि फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के बाद विज्ञान को 25 लाख रुपये के निवेश पर 12 लाख रुपये का मुनाफा हो सकता है। इसके अलावा, पलाश ने डील के तहत विज्ञान को फिल्म में एक रोल ऑफर भी किया था।

पुलिस शिकायत के अनुसार, पहली मुलाकात के बाद दोनों कई बार मिले। दिसंबर 2023 से मार्च 2025 के बीच, विज्ञान ने कथित तौर पर प्रोजेक्ट के सिलसिले में पलाश को कुल 40 लाख रुपये दिए। हालांकि, फिल्म कभी पूरी नहीं हुई। जब विज्ञान ने बाद में अपने पैसे वापस मांगे, तो पलाश की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दावों की पुष्टि के लिए प्रारंभिक जांच चल रही है। पलाश मुच्छल ने अभी तक आरोपों पर कोई बयान या प्रतिक्रिया जारी नहीं की है।

यह धोखाधड़ी का आरोप पलाश के भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना से शादी कैंसिल होने के कुछ ही हफ्तों बाद सामने आया है। दोनों की शादी 23 नवंबर को होनी थी, लेकिन स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद शादी को कैंसिल कर दिया गया था। बाद में शादी हमेशा के लिए कॉल ऑफ हो गई।

ऑनलाइन चल रही अटकलों के बाद, पलाश ने इस मामले पर एक सार्वजनिक बयान जारी किया। उन्होंने लिखा, “मैंने अपने जीवन में आगे बढ़ने और अपने निजी रिश्ते से दूरी बनाने का फैसला किया है। मेरे लिए यह देखना बहुत मुश्किल रहा है कि लोग निराधार अफवाहों पर इतनी आसानी से प्रतिक्रिया दे रहे हैं, उस चीज़ के बारे में जो मेरे लिए सबसे प्योर रही है। यह मेरे जीवन का सबसे कठिन दौर है, और मैं अपने विश्वासों पर कायम रहते हुए इसे गरिमा के साथ संभालूंगा।”

पलाश मुच्छल तू ही है आशिकी, नाचले तू, नाच बसंती, ससुरे के कौड़े लग गए, तेरी एक हंसी, मुसाफिर, किनारा और खुदा के बंदे जैसे लोकप्रिय गानों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अर्ध और काम चालू है जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।