बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर रही फिल्म 'धुरंधर' और इसके दूसरे भाग की सफलता ने कई कलाकारों की किस्मत बदल दी है। इन्ही में से एक नाम है आदित्य उप्पल का, जिन्होंने फिल्म में 'ओमर हैदर' का चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया है। हालांकि, हाल ही में आदित्य ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह इस ऐतिहासिक रोल को ठुकराने वाले थे।
विज्ञापन की दुनिया में थे व्यस्त, अभिनय को कह दिया था अलविदा
आदित्य उप्पल ने बताया कि जब साल 2024 में उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से फोन आया, तो उनका पहला जवाब 'नहीं' था। आदित्य पिछले 8-9 सालों से अभिनय से दूर थे और अपनी एड एजेंसी के बिजनेस में पूरी तरह रम चुके थे। उन्होंने बताया, "मुझे लगा कि फिर से वही छोटे-मोटे रोल मिलेंगे, इसलिए मैंने मना कर दिया था। लेकिन कास्टिंग टीम के कहने पर मैंने एक कैजुअल ऑडिशन दिया और फिर कई राउंड के बाद मेरा चयन हो गया।"
'हॉलीडे' मनाने गए थे और बन गए स्टार
आदित्य के लिए 'धुरंधर' का सफर किसी सपने जैसा रहा है। वह बताते हैं कि फिल्म के पहले भाग में उनका रोल छोटा था, जिससे उनके परिवार को थोड़ी निराशा हुई थी। लेकिन जब दूसरे भाग में 'तम्मा तम्मा' गाने के साथ उनके किरदार ने रफ्तार पकड़ी, तो सब हैरान रह गए। फिल्म के एंड-क्रेडिट सीन में उन पर खत्म होना उनके लिए किसी बड़े बोनस से कम नहीं था। आज स्थिति यह है कि इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स 1200 से बढ़कर सीधे 33 हजार के पार पहुंच गए हैं।
हमजा को टॉर्चर करने पर मिली 'नफरत'
फिल्म में रणवीर सिंह हमजा और सारा अर्जुन यलीना के किरदार को परेशान करने के कारण आदित्य को सोशल मीडिया पर काफी नफरत भरे मैसेज भी मिल रहे हैं। आदित्य ने हंसते हुए बताया, "लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि मैंने हमजा को क्यों मारा या यलीना को टॉर्चर क्यों किया? एक अभिनेता के तौर पर यह मेरे लिए सबसे बड़ी तारीफ है कि लोग मेरे किरदार को सच मानकर उससे नफरत कर रहे हैं।"
16 साल का लंबा इंतजार हुआ खत्म
आदित्य उप्पल ने अपने करियर में 'ब्रेक के बाद' और 'ओमेर्टा' जैसी फिल्मों में बेहद छोटे रोल किए थे। वह पिछले 16 सालों से एक बड़े मौके की तलाश में थे। फिलहाल वह गोवा में अपने परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे हैं, लेकिन उनके पास अब नई फिल्मों के स्क्रिप्ट की लाइन लग गई है। निर्देशक आदित्य धर की पारखी नजर ने आदित्य के भीतर छिपे उस कलाकार को ढूंढ निकाला है, जो अब बॉलीवुड में अपनी लंबी पारी खेलने के लिए तैयार है।