Prabhas's movie The Raja Saab: 'बाहुबली' स्टार प्रभास एक बार फिर अपने नए रोमांटिक हॉरर ड्रामा 'द राजा साब' से बड़े पर्दे पर जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। डायरेक्टर मारुति द्वारा निर्देशित यह फिल्म काफी समय से चर्चा में है। इस फिल्म को 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित रिलीज में से एक माना जा रहा है। सूत्रों की माने तो जल्द ही इस फिल्म का टीजर आने वाला है और यह फिल्म दिसंबर 2025 में आ सकती है।
जानकारी के मुताबिक प्रभास की यह फिल्म 10 अप्रैल, 2025 को ही रिलीज होने वाली थी, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन के काम में देरी होने की वजह से इसे टाल दिया गया था।
5 दिसंबर को रिलीज होने की है उम्मीद: सूत्र
मनीकंट्रोल को फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया है कि, 'मेकर्स प्रभास स्टारर इस फिल्म के लिए 5 दिसंबर, 2025 की रिलीज डेट तय करने की योजना बना रहे हैं'। इंडस्ट्री की लेटेस्ट खबरों के अनुसार, 'राजा साब' 5 दिसंबर को बॉक्स ऑफिस पर डेब्यू के लिए तैयार है। हालांकि, अभी तक रिलीज डेट की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, एक या दो दिन में इसकी पुष्टि हो सकती है। मेकर्स का मानना है कि फिल्म की रिलीज के लिए क्रिसमस की छुट्टियों का मौसम सबसे अच्छा समय हो सकता है। सूत्रों की माने तो जल्द ही पोस्टरों के साथ ही फिल्म का पहला टीजर भी आ सकता है।
दमदार स्टारकास्ट और नई कहानी
मारुति द्वारा निर्देशित और पीपल मीडिया फैक्ट्री द्वारा निर्मित, यह फिल्म प्रभास के हालिया किरदारों से अलग है। फिल्म का संगीत एस.एस. थमन ने तैयार किया है, और उनके सफल चार्टबस्टर्स के इतिहास को देखते हुए, संगीत प्रेमी भी उनके एल्बम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि जब तक कोई आधिकारिक घोषणा और टीजर नहीं आता, तब तक सबकी निगाहें 'द राजा साब' पर टिकी हैं।