Pratap Review: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की इमोशनल कहानी, पुलिस अधिकारी के किरदार में छा गए आमित साध

Pratap Review: क्राइम ड्रामा फिल्म 'प्रताप' का ट्रेलर फैंस को बेहद पसंद आया था। अब फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। ईशा देओल इस फिल्म से 15 साल बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं। वहीं फिल्म में अमित साध एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं।

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 8:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगर आपको जेल, पुलिस और कोर्ट-कचहरी से जुड़ी कहानियों के साथ मंझे हुए कलाकारों का दमदार अभिनय देखना हो तो यह आपके लिए मस्ट वाच मूवी है।

Pratap Review: ऐसी फिल्में तो आपने खूब देखी होंगी, जिसमें पुलिस अधिकारी के कानून की रक्षा करने और अपराधियों को सजा दिलाने वाली दबंग छवि होती है। लेकिन क्या हो जब एक बहादुर पुलिस अधिकारी को एक वायरल वीडिओ के चलते अपराधी बना दिया जाए और उसे जेल में उन्ही अपराधियों के साथ रहना पड़े जो कभी उसके नाम से भी थर्राते थे।

निर्देशक सचिन सराफ की फिल्म 'प्रताप' एक ऐसे ही पुलिस अधिकारी की कहानी है, जिसकी जिंदगी एक घटना और उससे जुड़े वीडियो के वायरल होने के बाद पूरी तरह बदल जाती है। यह फिल्म पुलिस व्यवस्था, राजनीति, मीडिया और एक व्यक्ति के संघर्ष को केंद्र में रखती है। इस रिव्यू में आइए जानते हैं कैसी है यह फिल्म...

फिल्म की कहानी

फिल्म की कहानी शुरू होती है एक जेल से, जिसमें प्रताप (अमित साध) नाम के एक जिद्दी कैदी को दसियों पुलिस वाले कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन फिर भी गुस्से से लाल प्रताप को काबू में करना मुश्किल हो जाता है। जेल में अनुशासनहीनता के चलते उस जेल की बेहद सख्त जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) उनको एग सेल में डालने का आदेश दे देती हैं। यह कैदी कोई सामान्य कैदी नहीं है, दरअसल यह एक फेमस एनकाउन्टर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे हैं, जो एक तथाकथित एनकाउन्टर और उसके वायरल विडिओ के चलते कोर्ट द्वारा जेल भेजे गए हैं।


वारदात के दिन 26 खूंखार अपराधियों का एनकाउन्टर करने वाले आईपीएस प्रताप रानाडे को एक भगोड़े क्रिमिनल के मुंबई के एक रेसिडेंस में मौजूद होने की खबर पता चलती है और वह फौरन अपनी टीम के साथ उसे पकड़ने निकल पड़ते हैं। मौके पर उन्होंने अपराधी को पकड़ के उसकी कनपटी पर पिस्तौल रखी लेकिन गोली चलाने से पहले ही हार्ट अटैक से उसकी मौत हो जाती है। यह पूरा वाकया वहां खड़ी गाड़ी में मौजूद एक लड़की ने अपने फोन में रिकार्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर इस तरह से वायरल कर दिया जैसे प्रताप रानाडे ने उसकी हत्या की हो।

उनके पास अपनी बेगुनाही साबित करने का कोई सुबूत नहीं होता और इसीलिए कोर्ट द्वारा उनको जेल भेज दिया जाता है। शुरू में तो उन्हे लगता है कि वह जल्दी ही छूट जाएंगे लेकिन जैसे जैसे दिन बीतते जाते हैं उनको समझ आने लगता है कि वह राजनीति और सिस्टम के चक्रव्यूह में इस प्रकार फंस चुके हैं, जहां उनके अपने भी उनका साथ छोड़ देते हैं। जेल में उनके साथ किसी खूंखार अपराधी जैसा बर्ताव किया जाता है एक समय सुर्खियों में रहने वाला मुंबई का पॉवरफुल ऑफिसर आज अकेला पड़ जाता है। क्या वह अपनी बेगुनाही साबित कर पाएंगे ? क्या फिर से उनको पहले जैसा मान सम्मान वापिस मिल पाएगा? यह सब जानने के लिए आपको देखनी पड़ेगी यह फिल्म।

एक्टर्स का काम

अभिनय की बात करें तो अमित साध इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने प्रताप रानाडे के किरदार को जिस दमदार अंदाज में निभाया है। उनका किरदार आपको इंप्रेस करता है। एक तरफ उनका दबंग और गुस्सैल पुलिस अधिकारी वाला अंदाज है, तो दूसरी तरफ जेल में बेबस और अकेले पड़ चुके व्यक्ति की लाचारी। अमित साध ने अपने अभिनय में इन दोनों पहलुओं के बीच बेहतरीन सामंजस्य रखा है। खासकर उनके चेहरे के एक्सप्रेशन, डायलॉग डिलिवरी और परिस्थितियों के अनुसार किरदार के इमोशन को पर्दे पर व्यक्त करने का अंदाज उनके किरदार को बेहद इंप्रेसिव बनाता है।

सीमा बिस्वास एक सख्त जेलर मीरा सेन के गंभीर और सशक्त किरदार में एकदम फिट बैठती हैं और ऐक्टिंग के अपने लंबे अनुभव के आधार पर उन्होंने बेहद सरलता से दर्शकों के मन पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है। तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी ने भी अपने अनुभव के अनुरूप अच्छा काम किया है। ईशा देओल ने 15 साल बाद पर्दे पर वापसी की है। अपने किरदार में वह ठीक ठाक ही नजर आती हैं। दुष्यंत वाघ, प्रणति दामोदर और विवेक रघुवंशी सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है।

फिल्म का डायरेक्शन

निर्देशक सचिन सराफ ने एक गंभीर और दिलचस्प विषय को पर्दे पर पेश करने की कोशिश की है। फिल्म की कहानी में एक्शन, इमोशन और थ्रिलर का मिश्रण है। खास बात यह है कि उन्होंने एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी के उस पहलू को दिखाने का प्रयास किया है, जहां उसकी ताकत, पहचान, पद-प्रतिष्ठा, मान- सम्मान अचानक सवालों के घेरे में आ जाते है। फिल्म का अधिकतर हिस्सा जेल में शूट हुआ है। ऐसे में जेल के माहौल और कैदी प्रताप के मानसिक संघर्ष को परदे पर दर्शाना चैलिंजिंग टास्क था, जिसे प्रभावी तरीके से पूरा किया गया है। अमित साध के साथ अन्य सभी कलाकारों से उनके किरदार के हिसाब से सहज अभिनय करवाने में निर्देशक सफल रहे हैं।

सिनेमैटोग्राफी

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी कहानी के गंभीर और तनावपूर्ण माहौल को पर्दे पर प्रभावी ढंग से पेश करने में मदद करती है। कैमरे का इस्तेमाल किरदारों के इमोशन और कहानी की परिस्थितियों को दिखाने में बखूबी किया गया है। जेल का माहौल और कहानी के अलग-अलग घटनाक्रम फिल्म के विजुअल ट्रीटमेंट को प्रभावी बनाते हैं। डिओपी अनिल अक्की इसमें खरे उतरे हैं।

बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के तनाव और ड्रामे को मजबूती देता है। वहीं एडिटिंग फिल्म की घटनाओं को एक क्रम में आगे बढ़ाने में मदद करती है। कुल मिलाकर फिल्म का तकनीकी पक्ष इसकी कहानी और विषय के अनुरूप है।

देखना चाहिए या नहीं

'प्रताप' एक गंभीर विषय पर बनी एक्शन-ड्रामा थ्रिलर है, जिसमें हमेशा लाइम-लाइट में रहने वाले एक पॉवरफुल पुलिस अधिकारी के जीवन के उस हिस्से को दिखाया गया है जब वह विषम परिस्थितियों में अर्श से फर्श पर आ गिरता है। फिल्म की कहानी शुरू से लेकर अंत तक बांध कर रखती है। फिल्म पूरे परिवार के साथ बैठ कर देखी जा सकती है। अगर आपको जेल, पुलिस और कोर्ट-कचहरी से जुड़ी कहानियों के साथ मंझे हुए कलाकारों का दमदार अभिनय देखना हो तो यह आपके लिए मस्ट वाच मूवी है। फिल्म को हम 5 में से 3 रोटिंग देते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।