Maa Ka Sum: प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल सीरीज़ ‘मां का सम’ का दिल छू लेने वाला और मनोरंजक ट्रेलर जारी किया। निकोलस खारकोंगोर द्वारा निर्देशित और यूनोइया फिल्म्स के बैनर तले बबीता अशीवाल द्वारा निर्मित यह सीरीज़ एक अनोखी, और दिल को खुश कर देने वाली दुनिया की झलक पेश करती है, जहां एक गणित का जीनियस प्यार को समीकरणों के जरिए समझने की कोशिश करता है—लेकिन जल्द ही उसे एहसास होता है कि भावनाएं हमेशा तर्क के अनुसार नहीं चलतीं।
रविंदर रंधावा और सुमृत शाही द्वारा लिखित ‘मां का सम’ में प्रतिभाशाली और बहुमुखी अभिनेत्री मोना सिंह के साथ मिहिर आहूजा, अंगीरा धर और रणवीर बरार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज़ 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर हिंदी में रिलीज़ होगी, जिसमें तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सबटाइटल्स उपलब्ध होंगे। इसे भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से स्ट्रीम किया जाएगा।
‘माँ का सम’ का ट्रेलर अगस्त्य (मिहिर आहूजा) से परिचय कराता है, जो 19 साल का गणित का जीनियस है। वह आत्मविश्वास से कहता है, “मैथ्स हो या प्यार… एक ही इक्वेशन हैं,” और इसी सोच के साथ वह “प्रोजेक्ट मॉम” की शुरुआत करता है—एक मिशन, जिसका मकसद अपनी सिंगल मां विनिता (मोना सिंह) के लिए परफेक्ट जीवनसाथी ढूंढना है। इसके बाद कहानी एक मजेदार और तेज़ रफ्तार सफर में बदल जाती है, जहां तर्क और भावनाएं आमने-सामने आती हैं, और सलीके से बनाए गए समीकरण धीरे-धीरे उलझने लगते हैं।
इसी बीच रहस्यमयी नई मैथ्स प्रोफेसर इरा (अंगीरा धर) की एंट्री अगस्त्य के मिशन को और दिलचस्प बना देती है। दोनों मिलकर परफेक्ट मैच के लिए एक एल्गोरिदम बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे भावनाएं उसकी पूरी तरह से प्लान की गई दुनिया में दखल देने लगती हैं, अगस्त्य के फॉर्मूले में ऐसे वेरिएबल्स शामिल हो जाते हैं जिन्हें कोई भी इक्वेशन हल नहीं कर सकती। क्या उसका बनाया हुआ यह समीकरण उसे प्यार का सही जवाब देगा—या फिर सब कुछ बिखर जाएगा? 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर जानिए, क्या ‘माँ का सम’ सच में सही बैठता है।
सीरीज़ के निर्देशक निकोलस खारकोंगोर ने कहा, “मां का सम किसी एक तय ढांचे में फिट नहीं बैठती। यह न तो एक सामान्य रिश्तों पर आधारित ड्रामा है और न ही पूरी तरह से कमिंग-ऑफ-एज कहानी। यह रिश्तों की कहानी है—जिसे एक 19 साल के लड़के की नज़र से दिखाया गया है, जो मानता है कि जिंदगी की हर समस्या को तर्क और डेटा से हल किया जा सकता है।
सीरीज़ में अगस्त्य की मां विनिता का किरदार निभा रहीं मोना सिंह ने कहा,“विनिता मेरे द्वारा निभाए गए अब तक के सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है, और इसकी सबसे बड़ी वजह इस कहानी का नया और अनोखा अंदाज़ है। इसकी मूल भावना एक सिंगल माँ और बेटे के रिश्ते पर आधारित है, जो एक सहज दोस्ती, गहरे विश्वास और प्यार को देखने के एक अनोखे नजरिए से बुना गया है,यही बात मुझे तुरंत इस कहानी की ओर खींच लाई।
मुख्य किरदार अगस्त्य को निभाने वाले मिहिर आहूजा ने कहा, “अगस्त्य में मुझे सबसे प्यारी बात यह लगी कि उसके सम्पूर्ण आत्मविश्वास और प्रतिभा के पीछे, वह बस एक बेटा है जो अपनी मां से गहराई से प्यार करता है और उसे खुश देखना चाहता है। उसके और उसकी मां के बीच एक अनोखी दोस्ती है — उनके रिश्ते में ईमानदारी, सहजता और गर्मजोशी है, जो बहुत खास महसूस होती है।