बंगाली सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी के निधन ने पूरे एंटरटेनमेंट जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। 29 मार्च 2026 को महज 43 साल की उम्र में उनका अचानक यूं चले जाना हर किसी के लिए एक बड़ा झटका बन गया। उनकी मौत की खबर सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। राहुल ने अपने करियर में अपनी शानदार एक्टिंग और अलग पहचान के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।
उनका यूं अचानक दुनिया को अलविदा कहना न सिर्फ परिवार बल्कि चाहने वालों के लिए भी बेहद भावुक पल है। अपने पीछे वह पत्नी और बच्चे को छोड़ गए हैं, जिनके लिए यह नुकसान अपूरणीय है, वहीं उनके करीबी और प्रशंसक अभी भी इस दुखद खबर को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
आखिरी पोस्ट बना भावुक यादों का हिस्सा
राहुल की मौत के बाद उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। निधन से एक दिन पहले उन्होंने एक वीडियो साझा किया था, जो अब लोगों के लिए भावुक याद बन गया है। ये पोस्ट उनके पॉडकास्ट शो सहज कथा से जुड़ा था, जिसमें वो एक खास बातचीत करते नजर आए।
पॉडकास्ट में दिखा उनका सहज और जिज्ञासु अंदाज
इस वीडियो में राहुल, अभिनेता और राजनेता ब्रत्या बासु के साथ चर्चा करते नजर आए। बातचीत के दौरान उन्होंने थिएटर से दूरी बनाए रखने को लेकर सवाल पूछा और पूरे ध्यान से जवाब सुनते दिखे। उनका ये शांत और समझदार अंदाज फैंस के दिल को छू रहा है।
कुछ दिन पहले की तस्वीर भी चर्चा में
निधन से चार दिन पहले राहुल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी साझा की थी, जिसमें वह साथी कलाकारों के साथ नजर आए। अब ये पोस्ट उनके जीवन के आखिरी पलों की झलक बनकर सामने आई हैं, जो फैंस को भावुक कर रही हैं।
बचपन से शुरू हुआ शानदार सफर
राहुल अरुणोदय बनर्जी का अभिनय करियर बेहद खास रहा। उन्होंने सिर्फ तीन साल की उम्र में थिएटर से शुरुआत की थी और धीरे-धीरे टीवी और फिल्मों में अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्हें असली पहचान शो खेला से मिली, जिसने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।
राहुल ने 'चिरोदिनी तुमी जे आमार’ जैसी सुपरहिट फिल्म से दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा उन्होंने ‘लव सर्कल, जातिश्वर’ और कई अन्य फिल्मों में दमदार अभिनय किया। टीवी की दुनिया में भी उनकी मौजूदगी उतनी ही मजबूत रही।
एक अधूरी कहानी छोड़ गए राहुल
राहुल का जाना सिर्फ एक कलाकार का खोना नहीं, बल्कि एक अधूरी कहानी का अंत भी है। उनका काम, उनकी आवाज और उनका अंदाज हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेगा। अब उनके आखिरी पोस्ट और यादें ही लोगों के पास उनकी मौजूदगी का एहसास कराती रहेंगी।