Samantha Ruth Prabhu-Raj Nidimoru: यह आधिकारिक हो चुका है कि अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु और निर्देशक राज निदिमोरु शादी के बंधन में बंध गए हैं। एक सूत्र ने एचटी सिटी को बताया कि शादी आज यानी 1 दिसंबर 2025 दिन सोमवार सुबह हुई है। कपल ने ईशा योग केंद्र के अंदर लिंग भैरवी मंदिर में सुबह-सुबह सात फेरे लिए।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक इस शादी में कुल 30 मेहमान शामिल हुए थे। सामंथा ने शादी में लाल साड़ी पहनी हुई थी। हालांकि अभी तस्वीरें सामने नहीं आई हैं।
रविवार देर रात से ही इस बात को लेकर अटकलें लगने लगी थीं कि क्या दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। राज की पूर्व पत्नी श्यामाली डे ने तो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर एक क्रिप्टिक पोस्ट किया था, "हताश लोग हताशा भरे काम करते हैं", जिसे देख सभी हैरान रह गए थे। खबरों के मुताबिक, उनका और राज का 2022 में तलाक हो गया था।
राज और सामंथा की बढ़ती नज़दीकियों की अटकलें 2024 की शुरुआत में ही सामने आ गई थीं। पिछले एक साल में, सामंथा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर राज के साथ तस्वीरें पोस्ट कर इन खबरों पर मुहर लगाई है। सामंथा ने पहले नागा चैतन्य से शादी की थी। हालांकि, शादी के चार साल बाद ही वे अलग हो गए थे और एक्टर ने अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला से शादी कर ली थी।
बता दें कि कपल के रिश्ते की अफवाहें इस साल की शुरुआत में तब उड़ीं जब राज को चेन्नई सुपर चैंप्स की मालकिन सामंथा के साथ वर्ल्ड पिकलबॉल लीग मैच में देखा गया था।
राज निदिमोरू फेमस फिल्म निर्माण टीम राज एंड डी के नाम से फेमस हैं। दोनों ने साथ में मिलकर शोर इन द सिटी, सिनेमा बंदी और अनपॉज्ड जैसी फिल्मों के साथ-साथ द फैमिली मैन, सिटाडेल हनी बनी और फ़र्ज़ी जैसे लोकप्रिय टेलीविजन शो देकर पहचान बनाई है। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में जन्मे राज ने अमेरिका जाने से पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई एसवीयू कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से की थी। उन्होंने 2009 में उनके निर्देशन में बनी पहली फिल्म, 99, ने ओटीटी और थिएटर, दोनों में करियर की शुरुआत की थी।