Coolie 2025: 'कुली' से धमाकेदार वापसी करने को तैयार हैं Rajinikanth, रिलीज डेट से लेकर एडवांस बुकिंग तक जानें फिल्म से जुड़ा सबकुछ

Coolie 2025: कुली से रजनीकांत एक बार फिर से धमाकेदार कमबैक करने जा रहे हैं। 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म की रिलीज़ डेट से लेकर टिकट बुकिंग तक....चलिए पूरी डिटेल आपको बताते हैं।

अपडेटेड Aug 06, 2025 पर 6:11 PM
बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने को तैयार रजनीकांत की Coolie

Coolie 2025: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत एक्शन थ्रिलर फिल्म 'कुली' के साथ बड़े पर्दे पर अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। तमिल भाषा की इस फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है और इसका निर्माण कलानिधि मारन ने सन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म के निर्माताओं ने 2 अगस्त, 2025 को चेन्नई में एक कार्यक्रम में 'कुली' का ट्रेलर रिलीज़ किया था।

थलाइवा रजनीकांत के नए अवतार ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है और प्रशंसक फिल्म के लिए उत्साहित हैं। फिल्म चंद्रू अनबझगन और लोकेश कनगराज द्वारा लिखित है। अभिनेता नागार्जुन लोकेश कनकराज की अपकमिंग फिल्म 'कुली' में खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे।

रजनीकांत स्टारर में आमिर खान के खास कैमियो के अलावा, एक और वजह है, जिसने इस फिल्म का बज हाई कर दिया है। वो है इसकी रिलीज़ डेट। लोकेश कनगराज की इस एक्शन फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'वॉर 2' से क्लैश होगा। 2019 में आई फिल्म 'वॉर' के सीक्वल 'वॉर 2' में ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी जैसे बड़े सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म छा जाती है।

रिलीज डेट की बात करें तो रजनीकांत की फिल्म कुली गुरुवार, 14 अगस्त, 2025 को सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। ये अयान मुखर्जी की वॉर 2 से क्लैश करेगी। दोनों फिल्मों को भारत के स्वतंत्रता दिवस, यानी 15 अगस्त, 2025 से कुछ फायदा हो सकता है। लंबा वीकेंड होने की वजह से फिल्मों की कमाई में बढ़त देखने को मिल सकती है।

गौरतलब है कि दुनिया भर में रिलीज़ से पहले, कुली का नॉर्थ अमेरिका में कुछ जगहों पर विशेष प्रीमियर शो आयोजित किया जाएगा। खबरों के मुताबिक, फिल्म ने अपने अमेरिकी प्रीमियर के लिए एडवांस बुकिंग की बिक्री में अच्छा प्रदर्शन किया है। रजनीकांत की इस एक्शन थ्रिलर ने 1,159 शो में 37,000 से ज़्यादा टिकट बेचकर कुल 9,69,551 अमेरिकी डॉलर की कमाई की है।


फिल्म के निर्माताओं ने 2 अगस्त, 2025 को चेन्नई में "कुली" का ट्रेलर रिलीज़ किया। 3 मिनट और 2 सेकंड के इस ट्रेलर को 10 मिनट के अंदर 10 लाख से ज़्यादा बार देखा गया। सन टीवी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए आधिकारिक ट्रेलर वीडियो को अब तक 19 करोड़ से ज़्यादा बार देखा जा चुका है।

बता दें कि इस तमिल फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, जिन्होंने रजनीकांत के साथ फिल्म जेलर में भी काम किया है। कुली एल्बम में कुली डिस्को, चिकिटू, उयिरनाडी नानबाने, आई एम द डेंजर, मोनिका, कोक्की, पावरहाउस और मोब्स्टा जैसे 8 गाने शामिल हैं। ये साउंडट्रैक 2 अगस्त, 2025 को रिलीज़ किए गए थे।

फिल्म 'कुली' की स्टार कास्ट में देवा के रूप में साउथ सुपरस्टार रजनीकांत, मोनिका के रूप में पूजा हेगड़े, साइमन के रूप में नागार्जुन अक्किनेनी, प्रीति के रूप में श्रुति हासन, दयाल के रूप में सौबिन शाहिर, कालीशा के रूप में उपेंद्र और राजशेखर के रूप में बाहुबली फेम अभिनेता सत्यराज प्रमुख भूमिकाओं में हैं। हालांकि, बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान दहा के कैमियो रोल में नजर आएंगे। अन्य कलाकारों में रेबा मोनिका जॉन, किशोर कुमार जी, मोनिशा ब्लेसी, काली वेंकट, कन्ना रवि और रचिता राम शामिल हैं।

पिंकविला के अनुसार, लोकेश कनगराज की यह फिल्म 350 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी है। हालाँकि, निर्माताओं ने अभी तक आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं। 2025 में अब तक बॉलीवुड में कई बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिले हैं। 20 जून, 2025 को धनुष की कुबेर के साथ रिलीज़ होने वाली आमिर खान की 'सितारे ज़मीन पर' से लेकर 1 अगस्त, 2025 को सिनेमाघरों में आने वाली अजय देवगन की 'सन ऑफ़ सरदार 2' और तृप्ति डिमरी-सिद्धांत चतुर्वेदी की 'धड़क 2' तक, इन फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर रही है। देखना होगा कि बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के दिग्गज सितारों से सजी 'कुली' और 'वॉर 2' बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।