Ramayana Collection: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की रामायण की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार थोड़ी सुस्त पड़ रही है लेकिन इसने बड़े-बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए और देश की सबसे बड़ी मूवी बनने के सफर में है। भारत में कलेक्शन के मामले में फिलहाल रामायण चौथे स्थान और दुनिया भर में पांचवे स्थान पर है। भारतीय मार्केट में फिलहाल खबर लिखे जाने के समय रिलीज होने के 20वें दिन ₹959 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। वहीं 19 दिनों में दुनिया भर में यह ₹1,709.65 करोड़ का कारोबार कर चुकी थी। भारत में यह 5 नवंबर को 8 नवंबर की दिवाली के पहले रिलीज हुई थी।
Ramayana Collection: दुनिया भर में Dangal सबसे आगे
वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में फिलहाल आमिर खान की दंगल सबसे आगे है। दंगल ने दुनिया भर में ₹2070.30 करोड़ कमाए हैं। सैकनिल्क पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक रणवीर सिंह की धुरंधर के दूसरे पार्ट धुरंधर 2:द रिवेंज ने ₹1,813.39 करोड़, प्रभास की बाहुबली के दूसरे पार्ट बाहुबली 2 द कंक्लूजन ने ₹1,788.06 करोड़, अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 ने ₹1,742.10 करोड़ की कमाई की है। वहीं रामायण अब तक 19 दिनों में ₹1,709.65 करोड़ कमा चुकी है। इसमें दंगल का कलेक्शन 77 दिनों का, धुरंधर 2 का 101 दिनों का, बाहुबली 2 का 112 दिनों का, और पुष्पा 2 का 64 दिनों का कलेक्शन है यानी रामायण पार्ट 1 के लिए अभी इन्हें पछाड़ने का मौका है।
Ramayana Collection: भारत में Pushpa 2 सबसे आगे
दुनिया भर में कलेक्शन के मामले में सबसे आगे फिलहाल दंगल है लेकिन इसकी कमाई का एक बड़ा हिस्सा चीन से आया है। सिर्फ भारतीय मार्केट में बात करें तो इसने ₹387.38 करोड़ की नेट कमाई की है और टॉप-10 में भी नहीं है। भारत में ₹1234.10 करोड़ की कमाई के साथ पुष्पा 2 सबसे आगे है। इसके बाद ₹1,149.30 करोड़ की कमाई के साथ धुरंधर 2 और फिर ₹1030.42 करोड़ की कमाई के साथ बाहुबली 2 है। इसके बाद आज 20 वें दिन अभी तक की ₹959 करोड़ की कमाई के साथ रामायण पार्ट 1 का नंबर है।
कहां से रामायण को हुई कितनी कमाई
रामायण पार्ट 1 की अभी तक की कमाई का बड़ा हिस्सा करीब 67% घरेलू मार्केट से आया है। भारत में भी इसकी कमाई का बड़ा हिस्सा हिंदी भाषा से आया। इसकी 76% कमाई हिंदी भाषा से हुई है तो कन्नड़ से 8%, तेलुगू से 6%, मलयालम से 5% और तमिल से भी 5%। हिंदी भाषा में रामायण ₹700 करोड़ से अधिक का नेट कलेक्शन कर चुकी है।