Ranbir Kapoor का नाम एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। विवाद उनकी किसी फिल्म, डायलॉग या किसी सीन को लेकर नहीं है। विवाद उनके खाने को लेकर खड़ा हो गया है। लोगों ने एक शो के सीन में रणबीर को जंगली मटन खाते देख लिया। इसके बाद से उन्हें लोगों से काफी कुछ सुनने को मिल रहा है। रणबीर इस समय नितेश तिवारी की ‘रामायण’ और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ फिल्मों में काफी व्यस्त चल रहे हैं।
इस हफ्ते, आलोचनाओं के केंद्र में आए रणबीर का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्हें नॉन-वेज खाना खाते हुए दिखाया गया। यह क्लिप उनके परिवार पर आधारित शो ‘डाइनिंग विद द कपूर्स’ की है। यह शो राज कपूर की 100वीं जयंती पर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था। इसमें पूरे कपूर परिवार को एक साथ खाने की मेज पर बैठकर खाना खाते हुए दिखाया गया है। इसकी एक नई क्लिप में रणबीर को फैमिली लंच के दौरान फिश करी, मटन और पाया जैसी नॉन-वेज डिशेज का मजा लेते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो तुरंत वायरल हो गया, जिससे यूजर्स ने उन पर बेईमान होने का आरोप लगाते हुए उन्हें जमकर ट्रोल किया।
दरअसल, रणबीर नितेश की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे हैं। कुछ समय पहले इस फिल्म से जुड़ी खबरों में कहा गया था कि रणबीर पूरी तरह से सात्विक लाइफस्टाइल फॉलो कर रहे हैं। उन्होंने न सिर्फ मांसाहार खाना छोड़ दिया है, बल्कि शराब और सिगरेट से भी दूरी बना ली है। इन खबरों में दावा किया गया था कि रणबीर ने रामायण के लिए पर्सनल कमिटमेंट के तौर पर सख्त सात्विक लाइफस्टाइल अपनाई है। वह भगवान राम से जुड़े आध्यात्मिक और शांत स्वभाव को अपनाने के लिए मेडिटेशन और सुबह-सुबह वर्कआउट के साथ एक बहुत ही डिसिप्लिन्ड रूटीन फॉलो कर रहे हैं।