Dhurandhar Movie Shooting: रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म धुरंधर की शूटिंग इस समय लद्दाख में चल रही है। अब सामने आ रहा है कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शूटिंग के दौरान करीब 120 क्रू मेंबर्स फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए और स्थिति इतनी बिगड़ी कि उन्हें लेह में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेट पर खाने के बाद रविवार की रात कुछ क्रू मेंबर्स को पेट में दर्द, उल्टी और सिर दर्द की दिक्कतें होने लगी। इसके बाद उन्हें एसएनएम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने फूड पॉयडजनिंग की पुष्टि की।
अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टर ने इस पुष्टि कर दी कि क्रू मेंबर्स फूड पॉयजनिंग के शिकार हुए हैं। आधिकारिक तौर पर खुलासा हुआ है कि करीब 600 लोगों ने एक ही खाना खाया था। इसमें से अधिकतर की स्थिति अब स्थिर है। आगे की जांच के लिए सैंपल ले लिया गया है।
धुरंधर एक जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसकी स्क्रिप्ट इसके निर्देशक आदित्य धर ने ही लिखी है। वह इसे प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। इस मूवी में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज सितारे भी हैं। यह राजनीतिक छल-कपट, राष्ट्रीय खतरों और व्यक्तिगत दुविधाओं से जूझने की कहानी है जिसमें लीड रोल रणवीर सिंह का है। इसे 5 दिसंबर 2025 को रिलीज करने की तैयारी है। रणवीर सिंह की हीरोईन सारा अर्जुन बनी हैं जो इससे पहले दिग्गज निर्देशक मणिरत्नम के निर्देशन में दो पार्ट में बनी मूवी पोन्नियिन सेल्वन में ऐश्वर्या राय बच्चन के बचपन का किरदार निभा चुकी हैं।
धुरंधर मूवी की बात करें तो इसके बारे में सबसे पहले आधिकारिक तौर पर रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जुलाई 2024 में ऐलान किया था। इसके बाद दिसंबर 2024 में इसका आधिकारिक टाइटल धुरंधर सामने आया। इसकी शूटिंग जुलाई 2024 में बैंकॉक में शुरू हुई। फिर दूसरा शेड्यूल नवंबर 2024 में अमृतसर और स्वर्ण मंदिर में हुआ। इस मूवी में कुछ सीन पाकिस्तान के हैं जिनकी शूटिंग थाईलैंड में हुई है।