रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह की एक्टिंग की काफी तारीफ हो रही है। इस फिल्म में रणवीर ने हमजा अली मजारी का किरदार निभाया है। वहीं फैंस धुरंधर के सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच खबर है कि धुरंधर की सफलता के बाद रणवीर ने फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 से अलग होने का फैसला किया है, , जिसे क्रिएटिव मतभेदों से जोड़ा जा रहा है।
इसके बाद रणवीर और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच मतभेद की खबरें सामने आईं। अब खबर है कि ‘डॉन 3’ छोड़ने की वजह से रणवीर को कानूनी परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।
रणवीर से 40 करोड़ रुपये की भरपाई की मांग
वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, "फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने कथित तौर पर रणवीर सिंह से करीब 40 करोड़ रुपये की भरपाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया के दौरान प्रोडक्शन हाउस को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। रणवीर सिंह इस मांग से सहमत नहीं हैं और उनका मानना है कि इतनी बड़ी रकम चुकाने की जिम्मेदारी उनकी नहीं बनती।"
फिल्म की स्क्रिप्ट से संतुष्ट नहीं थे
एक सूत्र के मुताबिक, रणवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने ये फिल्म इसलिए छोड़ी क्योंकि वह स्क्रिप्ट से संतुष्ट नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह कहानी में बदलाव चाहते थे, लेकिन उन्हें आखिरी ड्राफ्ट पसंद नहीं आया। वहीं दूसरी तरफ एक्सेल एंटरटेनमेंट का दावा है कि रणवीर की सहमति मिलने के बाद ही उन्होंने फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया शुरू की थी।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ्ते रणवीर सिंह और एक्सेल के बीच करीब दो घंटे तक बैठक भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। मामला बढ़ता देख अब प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (पीजीआई) ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए दखल देना शुरू कर दिया है।
इस मामले के बीच ऐसी खबरें भी आई हैं कि ये फिल्म फिर से शाहरुख खान को ऑफर की जा रही है। शाहरुख पहले डॉन और डॉन 2 में डॉन के किरदार से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं, जो इस सीरीज के शुरुआती दो भाग थे। हालांकि अभी तक इस खबर को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।