Ranveer Singh: रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल में से एक हैं। उनकी प्रेम कहानी 2012 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला' की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी। रणवीर इन दिनों उदयपुर में हैं, जहां उन्होंने नेत्रा मंटेना और वामसी गादिराजू की शादी में परफॉम करते नजर आए थे।
हाल ही में एक वीडियो में अभिनेता उदयपुर को लव स्टोरीज के लिए 'लकी चार्म' बताते हुए नज़र आ रहे हैं। रणवीर ने यह भी बताया कि दीपिका के साथ उनका रोमांस भी यहीं शुरू हुआ था, जब वे 'रामलीला' की शूटिंग कर रहे थे।
संगीत सेरेमनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें रणवीर सिंह मंच पर से कपल और गेस्ट से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने उदयपुर को एक 'खास जगह' बताया और बताया कि कैसे दीपिका पादुकोण के साथ उनकी प्रेम कहानी यहीं पर पनपी थी।
उन्होंने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि उदयपुर लव स्टोरीज के लिए किसी लकी चार्म की तरह है। मैंने यहां राम-लीला नाम की एक फिल्म की शूटिंग की थी। यह उस ज़माने की बात है। मुस्कुराते हुए रणवीर बोले मैं आपकी भाभी के साथ काम कर रहा था। राम-लीला के लंबे उदयपुर शेड्यूल के दौरान ही हमारी प्रेम कहानी परवान चढ़ी। तब से लेकर अब तक हम 13 साल से साथ में, सात साल शादी के और एक प्यारी सी बच्ची के पिता बन चुके हैं। तो समझे? उदयपुर प्रेम कहानियों के लिए बहुत ही लकी है।
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण 14 नवंबर 2018 को इटली के लेक कोमो में शादी के बंधन में बंधे थे। पिछले साल सितंबर में उनकी पहली बेटी दुआ पादुकोण सिंह का जन्म हुआ था। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला' 15 नवंबर, 2013 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी।
फिल्म ने हाल ही में अपने 12 साल पूरे किए हैं और पटकथा लेखक सिद्धार्थ-गरिमा ने फिल्म के सेट से कई अनदेखी पर्दे के पीछे की तस्वीरें साझा की हैं। दीपिका और रणवीर के साथ-साथ निर्देशक संजय लीला भंसाली और टीम के अन्य सदस्यों की कुछ प्यारी और कैंडिड तस्वीरें देखकर प्रशंसक बेहद खुश हुए।
'गोलियों की रासलीला रामलीला' में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह मुख्य भूमिकाओं में थे, और प्रियंका चोपड़ा ने 'राम चाहे लीला' गाने में विशेष भूमिका निभाई थी। कलाकारों में सुप्रिया पाठक, ऋचा चड्ढा, शरद केलकर, गुलशन देवैया, बरखा बिष्ट और अभिमन्यु सिंह भी शामिल थे।