Saif Ali Khan: सैफ अली खान को जान से मारने की मिली धमकी, पुलिस ने ऑडियो मैसेज की जांच शुरू की

Saif Ali Khan: सैफ अली खान को एक वॉयस नोट मिला है, जिसमें उन्हें 'बाबा सिद्दीकी जैसा हश्र' होने की धमकी दी गई है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 11:22 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुंबई पुलिस ने हाल ही में आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर जैसे फिल्म सितारों को मिली धमकियों के मामले को सुलझा लिया है।

Saif Ali Khan: मुंबई पुलिस ने गुरुवार को पुष्टि करते बताया कि अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि अभिनेता को यह धमकी जीशान अख्तर के नाम से मिली है, जो राजनेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में एक वांछित आरोपी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सैफ अली खान को मिली धमकी

मुंबई पुलिस ने गुरुवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि उन्होंने सैफ को मिली जान से मारने की धमकी की जांच शुरू कर दी है और वे इसकी सच्चाई का पता लगा रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा गया- "अभिनेता सैफ अली खान को उनके फोन पर जीशान अख्तर के नाम से एक वॉयस मैसेज मिला, जिसमें कहा गया था कि उनका भी वही हश्र होगा जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था।"

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह धमकी वास्तव में अख्तर की ओर से आई है या कोई और व्यक्ति उसका नाम इस्तेमाल कर रहा है और मशहूर हस्तियों को परेशान करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा ले रहा है।


अक्टूबर 2024 में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

बॉलीवुड को हाल ही में मिली धमकियां

सैफ को मिली यह धमकी हाल के हफ्तों में फिल्म सितारों को मिल रही धमकियों की सीरीज में सबसे नई है। इससे पहले अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। अभिनेताओं को मिल रही व्यक्तिगत धमकियों के अलावा पिछले एक महीने में मुंबई और पुणे के अधिकारियों को कई फर्जी बम धमकियां मिलीं, जिनमें सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास 'जलसा' का बार-बार जिक्र किया गया।

अक्टूबर में मुंबई की मेयर रितु तावड़े और डिप्टी मेयर संजय घाड़ी को भेजे गए एक ईमेल में अमिताभ के बंगले और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद, अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों के साथ होने वाली साप्ताहिक मुलाकात (मीट एंड ग्रीट) को बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से आयोजित किया।

मुंबई पुलिस ने हाल ही में आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर जैसे फिल्म सितारों को मिली धमकियों के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार, इसके पीछे बेंगलुरु का एक IIT ग्रेजुएट था, जिसका किसी भी गिरोह से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि उसने धमकियां देने के लिए AI का इस्तेमाल किया था। उसका मकसद अभी साफ नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।