Ramayana Box Office Collection Day 15: नितेश तिवारी की 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर दो हफ्तों के बाद भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। एक के बाद एक रिकॉर्ड बनाते हुए यह फिल्म 15वें दिन 650 करोड़ रुपये (हिंदी नेट) कमाने वाली दूसरी सबसे तेज फिल्म बन गई है। इसके अलावा 'धुरंधर 2' के बाद, यह इस साल की दूसरी ऐसी हिंदी फिल्म बन गई है जिसने अपने दूसरे हफ्ते में 200 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस शुक्रवार को कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, इसलिए उम्मीद है कि 'रामायण' आने वाले दिनों में कुछ और रिकॉर्ड बनाएगी।
सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार 15वें दिन 'रामायण' ने 21,437 शोज के जरिए 19.35 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की। फिल्म ने 15वें दिन 14 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे अब तक इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 515 करोड़ रुपये हो गया है। इसके साथ ही, इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,547.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
'रामायण' 650 करोड़ रुपये (हिंदी नेट) का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी सबसे तेज फिल्म बनने जा रही है। 'धुरंधर 2' के बाद 'रामायण' इस मुकाम तक पहुंचने वाली दूसरी सबसे तेज फिल्म होगी। दिलचस्प बात यह है कि हिंदी इकलौता ऐसा भारतीय भाषा बाजार है, जहां फिल्मों ने यह मुकाम हासिल किया है। इसके बाद तेलुगु का नंबर आता है, जहां 'RRR' इकलौती ऐसी फिल्म है जिसने 16 दिनों में 400 करोड़ रुपये (तेलुगु नेट) का आंकड़ा पार किया और कुल 431.01 करोड़ रुपये की कमाई की। 'सैकनिल्क' (Sacnilk) की रिपोर्ट के अनुसार अभी तक कोई भी तमिल, कन्नड़ या मलयालम फिल्म इस स्तर तक नहीं पहुंच पाई है।
'रामायण' ने भारत में पहले ही 1,000 करोड़ रुपये (ग्रॉस) की कमाई कर ली है, जिससे इसका दुनिया भर का कुल कलेक्शन 1,500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। यह 14 दिनों के भीतर 1,500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली सबसे तेज़ भारतीय फिल्म बन गई है। इससे पहले, यह फिल्म रिलीज के 7 दिनों के भीतर 300 करोड़ रुपये (हिंदी नेट) की कमाई करके 'जवान' की बराबरी कर चुकी है।
4,000 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म माना जा रहा है। इस फिल्म का दुनिया भर में बड़े पैमाने पर प्रचार किया गया। 27 अक्टूबर को फिल्म के निर्माताओं ने लॉस एंजिल्स में एक विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता और अन्य कई कलाकार शामिल हैं।