सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर रिलीज होते ही यह चर्चा और विवाद का केंद्र बन गई है। 27 दिसंबर को सलमान के जन्मदिन पर जारी किए गए इस टीजर में उन्हें भारतीय सेना के अधिकारी के रूप में दिखाया गया है। फिल्म 2020 में गलवान घाटी में हुई भारत-चीन झड़प पर आधारित है, जिसमें भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और बलिदान दिखाया था।
टीजर में सलमान खान का नया अवतार दर्शकों को बेहद पसंद आया है। समीक्षकों का कहना है कि यह उनके करियर का सबसे संयमित और दमदार रोल हो सकता है। लेकिन जहां भारतीय दर्शकों ने इसे सराहा, वहीं चीन ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। चीनी मीडिया और नेटिजन्स का आरोप है कि फिल्म तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है और इसे ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताया जा रहा है।
चीन की नाराजगी के बावजूद भारत में फिल्म को लेकर उत्साह चरम पर है। सोशल मीडिया पर सलमान के लुक और फिल्म की थीम को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। कई लोग इसे भारतीय सैनिकों के साहस को श्रद्धांजलि मान रहे हैं। वहीं, चीनी दर्शकों का कहना है कि ऐसी फिल्में ‘ऐतिहासिक तथ्यों को बिगाड़ती हैं’ और ‘अनावश्यक तनाव पैदा करती हैं’।
फिल्म अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली है और माना जा रहा है कि यह साल की सबसे बड़ी चर्चित फिल्मों में से एक होगी। विवाद ने फिल्म को और सुर्खियों में ला दिया है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर इसकी ओपनिंग और भी मजबूत हो सकती है।