बॉलीवुड के दिग्गज पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत को लेकर आई ताज़ा जानकारी ने उनके चाहने वालों को राहत दी है। 90 वर्षीय सलीम खान को 17 फरवरी को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि उन्हें चक्कर आने और ब्लड प्रेशर की समस्या के चलते अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।
17 फरवरी 2026 की सुबह साढ़े आठ बजे सलीम खान को उनके पारिवारिक चिकित्सक डॉ. संदीप चोपड़ा ने इमरजेंसी में लीलावती अस्पताल पहुंचाया था। प्रारंभिक जांच में हाई ब्लड प्रेशर और ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉ. जलील पारकर के नेतृत्व वाली विशेषज्ञ टीम, जिसमें न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत अहलूवालिया शामिल हैं, उनकी निगरानी कर रही है। डॉ. पारकर ने बताया कि सेफ्टी के लिए वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन अब सुधार हो रहा है।
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, सलीम खान की हालत अब स्थिर है और जल्द ही उन्हें वेंटिलेटर से हटाया जाएगा। डॉक्टरों ने बताया कि उनके दिमाग से जुड़ी एक माइनर प्रोसीजर (Digital Subtraction Angiography) सफलतापूर्वक की गई है और अब वे रिकवरी की ओर बढ़ रहे हैं।
इस खबर के सामने आते ही पूरे फिल्म जगत और फैन्स ने राहत की सांस ली। अस्पताल में सलमान खान, अरबाज़ खान, अलवीरा खान, अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा जैसे परिवार के सदस्य लगातार मौजूद रहे। परिवार की मौजूदगी और डॉक्टरों की मेहनत ने इस मुश्किल घड़ी को संभालने में अहम भूमिका निभाई। उनकी लेखनी ने 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यही वजह है कि उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे देश को चिंतित कर दिया था।