Satish Shah Death: 'साराभाई वर्सेस साराभाई' फेम अभिनेता सतीश शाह का आज दोपहर निधन हो गया है। भारतीय फिल्म निर्माता और निर्देशक अशोक पंडित ने इस खबर की जानकारी दी और बताया है कि अभिनेता इस दुनिया में नहीं रहे। शनिवार दोपहर किडनी फेल होने के चलते उन्हें हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर निधन की खबर शेयर किया है। उन्होंने एक्टर की एक फोटो शेयर की और लिखा- 'दुख और सदमे के साथ आपको यह बताना पड़ रहा है कि हमारे दोस्त और शानदार अभिनेता सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेल होने के कारण निधन हुआ है। उन्हें तुरंत हिंदुजा अस्पताल लेकर जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। यह हमारे उद्योग के लिए उनका जाना एक बड़ी क्षति है। ओम शांति।'
बता दें कि सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था। बचपन से ही एक्टर को अभिनय करने में दिलचस्पी थी। उन्होंने फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से अभिनय में पढ़ाई की थी। यहीं से उनके करियर की नींव पड़ी।
सतीश शाह ने 1970 के दशक के अंत में फिल्मों की दुनिया में एंट्री की थी। उन्होंने 200 से अधिक फिल्मों में काम किया, जिनमें ज्यादातर सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। उनकी बड़ी फिल्मों में 'जाने भी दो यारो' (1983), 'मासूम' (1983), 'कभी हां कभी ना' (1994), 'हम आपके हैं कौन' (1994), 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (1995), 'कल हो ना हो' (2003), 'ओम शांति ओम' (2007), 'मैं हूं ना' (2004), 'रा.वन' (2011), 'चलते-चलते' और 'मुझसे शादी करोगी' जैसे नाम शामिल हैं।