पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के लिए फैंस का प्यार आज भी जिंदा है। वो भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन फैंस में उनके गानों की दीवानगी अब भी पहले की तरह बनी हुई है। दुनियाभर में फैले उनके करोड़ों फैंस को एक खबर ने चौंका दिया है। सिद्धू मूसेवाला की मौत के 3 साल बाद उनकी टीम वर्ल्ड टूर की तैयारी कर रही है। इसका नाम ‘Signed to God’ होगा। हालांकि, अब इस टूर के शेड्यूल और जगह के बारे में खुलासा नहीं किया गया है।
सिद्धू मूसेवाला की बहुत कम उम्र में 29 मई, 2022 को हत्या कर दी गई थी। उन्हें मनसा जिले के जवाहरके गांव में कार सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। 2016 में अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत करने वाले सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू था। वह सॉन्ग राइटर और एक्टर भी थे। जून के महीने में सिद्धू मूसेवाला को अपने वर्ल्ड टूर पर जाना था, लेकिन उससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी टीम अब उनकी आखरी इच्छा पूरी करना चाहती है। अपने दमदार गीत और अनोखे अंदाज की वजह से सिद्धू आज भी लोगों के बीच बेहद पॉपुलर हैं।
मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक, इस वर्ल्ड टूर में सिद्धू के AI अवतार के जरिए उनके सुपरहिट गानों को मंच पर पेश किया जाएगा। उनकी टीम का मानना है कि इससे उनके फैंस को फिर से उनके स्टेज पर होने का एहसास ताजा होगा। किसी दिवंगत कलाकार का टूर इस अंदाज में आयोजित करने का यह पहला मौका होगा। ये वर्ल्ड टूर 2026 में होगा। सिद्धू की टीम ने उनके इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो जारी कर इस टूर की घोषणा की है।
बताया जाता है कि सिद्धू काफी समय तक कनाडा में रहे थे और यहीं पर उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की थी। वह अपने समय के सबसे महंगे सिंगर्स में से एक थे। वह लाइव शो करने के लिए 20 रुपये तक चार्ज करते थे। उनकी महीने की कमाई 35 से 40 लाख रुपये थी और वो एक गाने के लिए 6 से 8 लाख रुपये फीस लेते थे। उन्हें महंगी एसयूवी का शौक था और वो अक्सर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इन गाड़ियों के साथ तस्वीरें पोस्ट करते रहते थे।
सिद्धू मूसेवाला युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे और गाने खुद लिखते और कंपोज करते थे। उनकी असामय मौत के बावजूद कई गाने मरणोपरांत रिलीज किए गए, जिन्हें लाखों बार देखा गया है।