Sonu Nigam: बॉर्डर की वापसी ने हिंदी सिनेमा के सबसे इमोशनल गानों में से एक को दोबार से ट्रेंड में ला दिया है और पुरानी यादों को लेकर एक व्यापक बहस छेड़ दी है। बॉर्डर 2 के सिनेमाघरों में आने के साथ ही, सोनू निगम ने क्लासिक गानों के रीक्रिएशन को लेकर जावेद अख्तर की हालिया आलोचना पर अपनी राय व्यक्त की है। वे सिंगर से सहमत हैं और साथ ही यह भी बताते हैं कि 'संदेशे आते हैं' इस फिल्म का अभिन्न अंग क्यों बना हुआ है।
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित बॉर्डर 2 को जे.पी. दत्ता की 1997 की युद्ध फिल्म का सीक्वल माना जा रहा है। इस नए चैप्टर में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। दत्ता अपनी बेटी निधि दत्ता के साथ सह-निर्माता के रूप में वापसी कर रहे हैं। फिल्म की आत्मा को बरकरार रकते हुए नई जनरेशन के साथ कहानी को आगे बढ़ाया गया है।
निगम, जिन्होंने मूल रूप से 'संदेशे आते हैं' गाना गाया था, ने सीक्वल के लिए इस फेमस गाने के नए वर्जन 'घर कब आओगे' के रूप में फिर से रिकॉर्ड किया है। गीत अपने मूल भाव को बरकरार रखते हुए नए बोलों के साथ पेश किया गया है। इस गीत में अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल सिंह ने भी अपना योगदान दिया है, और इसके अतिरिक्त गीत मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं।
फिल्म की रिलीज से पहले, निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने बॉर्डर 2 को राष्ट्र को समर्पित किया और इस फ्रेंचाइज़ के साथ अपने लंबे जुड़ाव पर विचार व्यक्त किया। लगभग तीन दशकों को याद करते हुए, उन्होंने प्रशंसकों से कहा, “मैं पहली बार 1997 में बॉर्डर के प्रीमियर में गया था। अब 2026 में, मैं बॉर्डर 2 के प्रीमियर में खड़ा हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह खूबसूरत सफर इतने सालों तक चलेगा। आपने मुझे बहुत प्यार दिया है, और मैं इसके लिए आभारी हूं।”
उन्होंने बॉर्डर फिल्मों के सार और ऐसी कहानियों को बताने के साथ आने वाली ज़िम्मेदारी के बारे में भी बात की। “बॉर्डर एक ऐसी फ्रैंचाइज़ है जो सच्ची कहानियों को दर्शाती है, काल्पनिक कहानियों को नहीं। ये हमारे देश और हमारे सैनिकों की कहानियां हैं, और हमारी जीत की कहानियां हैं। मुझे यकीन है कि आपको फिल्म से बहुत उम्मीदें होंगी, और निश्चित रूप से होंगी भी, क्योंकि यह अपनी तरह की एक अनूठी फ्रैंचाइज़ है। हमारे निर्माताओं, निर्देशक और अभिनेताओं ने इसे बहुत समर्पण के साथ बनाया है। हमने इसके संगीत पर भी ध्यान दिया है। जिस युद्ध को हमने कई साल पहले वास्तविकता में जीता था, उसे हम बॉर्डर 2 के माध्यम से फिर से जीतेंगे।”
हाल ही में जावेद अख्तर द्वारा पुराने क्लासिक गानों के रीमेक बनाने पर की गई आलोचना करने के बाद इस गाने को लेकर चर्चा तेज़ हो गई। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने बॉर्डर 2 के लिए 'संदेशे आते हैं' के बोल लिखने से इनकार कर दिया था और इसे "बौद्धिक और रचनात्मक दिवालियापन" बताया था। सह-निर्माता भूषण कुमार ने बाद में बताया कि फिल्म के लिए इस गाने को रखना क्यों ज़रूरी था।
अपने वीडियो में अख्तर के कमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए निगम ने दिग्गज गीतकार के प्रति सम्मान व्यक्त किया और अपना नजरिया भी रखा। उन्होंने कहा, "हां, जावेद सर बिल्कुल सही कह रहे हैं कि पुराने गानों को वापस लाना अच्छा नहीं है। लेकिन अगर बॉर्डर एक सिपाही है, तो 'संदेशे आते हैं' उसकी वर्दी है। हम इस गाने के बिना बॉर्डर की कल्पना नहीं कर सकते। जैसा कि जावेद सर ने कहा, हमें नए गाने बनाने ही होंगे। वे हमारे बड़े हैं, हमारे गुरु हैं, और उन्हें यह जानकर बहुत खुशी होगी कि 'मिट्टे के बेटे' बॉर्डर 2 की ओर से हमारे सैनिकों और हर भारतीय के लिए एक उपहार है।"
ऑरिजनल बॉर्डर में सनी देओल, सुनील शेट्टी और अक्षय खन्ना ने अभिनय किया था और यह हिंदी सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित वॉर फिल्मों में से एक बन गई थी। बॉर्डर 2 के साथ, निर्माताओं का लक्ष्य उस विरासत को बरकरार रखते हुए नई आवाज़ों और कहानियों को पेश करना है। फ़्रैंचाइज़ के प्रशंसकों की भारी उम्मीदों के बीच बॉर्डर 2 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई।