Get App

Netflix के इस लीगल ड्रामा में 29 साल बाद आएगी सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी, टीजर देख खड़े हुए रोंगटे

29 साल पहले आई वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉडर्र’ में लोगों ने अक्षय खन्ना और सनी देओल की जोड़ी को देखा था। ये जोड़ी एक बार फिर से Netflix के लीगल ड्रामा में दर्शकों से रू-ब-रू होने के लिए आ रही है। इसका रोंगटे खड़े करने वाला टीजर आज सोशल मीडिया पर जारी किया गया

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 03, 2026 पर 9:11 PM
Netflix के इस लीगल ड्रामा में 29 साल बाद आएगी सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी, टीजर देख खड़े हुए रोंगटे
नेटफ्लिक्स ने अभी तक इस लीगल ड्रामा इक्का की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।

‘धुरंधर’ में रहमान डकैत के रोल से सफलता का सातवां आसमान छूने के बाद अक्षय खन्ना की एक्टिंग एक बार फिर देखने को मिलने वाली है। खास बात ये है कि इस फिल्म में वो सनी देओल के साथ 29 साल बाद फिर नजर आएंगे। इन दोनों ने आखिरी बार आइकॉनिक वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर’ में स्क्रीन शेयर की थी। समय के साथ दोनों एक्टर्स की एक्टिंग में और भी निखार आया है। इनकी दमदार एक्टिंग का जलवा एक बार फिर से Netflix पर आने वाले लीगल ड्रामा ‘Ikka’ में देखने को मिलेगा। नेटफ्लिक्स इंडिया ने आज, 3 फरवरी को ‘इक्का’ का फर्स्ट-लुक टीजर जारी किया, जिसमें दर्शकों को एक रोमांचक कोर्टरूम कहानी की झलक मिली।

इस लीगल ड्रामा के टीजर में एक गंभीर माहौल देखने को मिलता है। इसमें सनी देओल ने एक ऐसे अनुभवी वकील का रोल किया है, जो अपने उसूलों का पक्का है। मगर उसे हत्या के एक ऐसे मामले में जबरदस्ती शामिल होना पड़ता है, जिसमें उसकी जिंदगी से जुड़ी हर प्यारी चीज उलझ कर रह जाती है।यह टीजर देओल के ‘दामिनी’ में मशहूर कोर्टरूम परफॉर्मेंस की याद दिलाते हैं।

वहीं, अक्षय खन्ना एक बार फिर से नेगेटिव शेड वाले किरदार में नजर आने वाले हैं। टीजर में दिखाया गया उनका रोल एक जटिल किरदार की ओर इशारा करता है। उनकी एक्टिंग कोर्टरूम में होने वाली टक्कर में और जान डाल देती है।

टीजर के साथ शेयर किए गए ऑफिशियल सिनॉप्सिस के अनुसार, कहानी एक ऐसे ईमानदार और सम्मानित वकील के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे एक हत्या के आरोपी का बचाव करने के लिए मजबूर किया जाता है - एक ऐसा आदमी जिसके पतन की वजह कभी वह खुद था।

सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा निर्देशित, जो अपने पिछले काम महाराज के लिए जाने जाते हैं, इक्का में दिया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन भी अहम भूमिकाओं में हैं। टीजर रिलीज होने के बाद दोनों एक्टर्स के फैंस सोशल मीडिया पर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। नेटफ्लिक्स ने अभी तक इस लीगल ड्रामा की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है। इस साल के आखिर में ‘इक्का’ के प्रीमियर की अटकलें लगाई जा रही हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें