जैसलमेर के रेगिस्तानी इलाके में बॉर्डर 2 फिल्म के पहले गाने 'घर कब आओगे' का धमाकेदार लॉन्च हुआ, जहां सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी ने बीएसएफ के वीर जवानों के साथ मिलकर ठुमके लगाए। यह इमोशनल और जोशीला पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सितारे असली हीरोज के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं। 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस वॉर ड्रामा का यह प्रमोशनल इवेंट देशभक्ति की भावना से लबरेज रहा ।
2 जनवरी को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में करीब 12,000 लोग जुटे, जिनमें आर्म्ड फोर्सेस के जवान, स्थानीय लोग और फिल्म टीम शामिल थी। गाना सुनते ही माहौल भावुक हो गया, फिर अचानक बीएसएफ जवान आगे आए और स्टेज पर डांस शुरू कर दिया। सनी देओल ने अपने सिग्नेचर स्टाइल में कंधा झटका, वरुण धवन ने एनर्जेटिक मूव्स दिखाए, जबकि अहान शेट्टी ने जवानों के साथ कदम मिलाए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जवान पहले थिरकते हैं, फिर सितारों को खींच कर बीच में ला खड़ा करते हैं। इसके बाद ग्रुप फोटो सेशन हुआ, जो फैंस के दिलों पर चढ़ गया ।
गौरतलब है कि ‘घर कब आओगे’ गीत उस दर्द और इंतजार को बयां करता है जो सैनिकों के परिवार अपने प्रियजनों के लिए महसूस करते हैं। जब सितारे इसे जवानों के साथ गाते हैं, तो यह दृश्य और भी भावुक हो जाता है। कई यूजर्स ने कमेंट किया कि यह वीडियो देखकर उनकी आंखें नम हो गईं।
सनी देओलइस वीडियो में अपने पुराने देशभक्ति अंदाज में दिखे। वहीं वरुण धवन और अहान शेट्टी की मौजूदगी ने इस पल को नई पीढ़ी के लिए भी खास बना दिया।
सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है। एक यूजर ने लिखा, "हमारे रियल हीरोज को सलाम!", तो दूसरे ने कहा, "2026 का बेस्ट गाना और बेस्ट मोमेंट!"। सिंगर सोनू निगम भी मौजूद थे, जिन्होंने लाइव परफॉर्मेंस से समा बांध दिया। बीएसएफ राजस्थान फ्रंटियर के आईजी एमएल गर्ग और साउथ सेक्टर डीआईजी महेश कुमार नेगी जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी शिरकत कर रहे थे। गाना अनुराग सिंह के निर्देशन वाली इस फिल्म का हाइलाइट है, जिसमें दिलजीत दोसांझ और सोनम बाजवा भी हैं ।
1997 की क्लासिक 'बॉर्डर' की अगली कड़ी होने से फैंस में खासा उत्साह है। टीजर के बाद यह पहला गाना रिलीज हुआ, जो घर की याद और जज्बे को बयां करता है। सनी देओल का यह अवतार फिर से जोश भर रहा है, जबकि वरुण और अहान नई पीढ़ी का दमखम दिखा रहे। ट्रेलर का इंतजार तेज हो गया है। यह इवेंट साबित करता है कि सिनेमा सीमाओं से परे सैनिकों का सम्मान कैसे करता है ।