Swara Bhasker: हाल ही में स्वरा भास्कर के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने ऑस्कर 2026 के मंच पर जेवियर बार्डेम की 'फ्री फिलिस्तीन' कमेंट पर प्रियंका चोपड़ा की प्रतिक्रिया की आलोचना की थी। पोस्ट वायरल होते ही स्वरा ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि यह ट्वीट फर्जी है और उन्होंने इसे कभी पोस्ट नहीं किया।
बुधवार को स्वरा ने X पर इस मामले में सफाई दी। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ उस पोस्ट की तस्वीर भी शेयर की जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी और जिसमें प्रियंका चोपड़ा के हाल ही में हुए ऑस्कर 2026 में शामिल होने पर उनकी प्रतिक्रिया को स्वरा से जोड़ा जा रहा था।
अपनी बात स्पष्ट करते हुए स्वरा ने लिखा, “लगता है संघियों ने यह फर्जी ट्वीट बनाया है और मुझे चिढ़ाने के लिए इसे फैला रहे हैं। अजीब बेताबी है। मैं खुद विवाद खड़ा कर सकती हूं दोस्तों, आपको मुझे दूसरों की खबरों में शामिल करने की जरूरत नहीं है। मेरा मतलब है, मुझे पता है आप लोग मेरे दीवाने हैं, लेकिन... मैं आपको मसाला तो दूंगी ही ना! तो हां... मेरा यह ट्वीट फर्जी है!”
स्वरा से जुड़े फर्जी ट्वीट में लिखा था, “चाहे आप कुछ लोगों को खुश करने के लिए कितना भी दिखावा कर लें, एक दिन आपका असली चेहरा पूरी दुनिया के सामने आ जाएगा और आपको अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ेगा। रविवार को प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्कर 2026 के मंच पर अभिनेता जेवियर बार्डेम के साथ सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया। विजेता की घोषणा से ठीक पहले जेवियर के कमेंट पर प्रियंका की प्रतिक्रिया के कारण यह क्लिप वायरल हो गया है।
पुरस्कार देने से पहले, जेवियर, ने कहा, "युद्ध का विरोध और फ़िलिस्तीन को आज़ाद करो।" उनके बगल में खड़ी प्रियंका ने भी सहमति में सिर हिलाया। इसके बाद, दोनों अभिनेताओं ने पुरस्कार प्रदान किया, जो नॉर्वेजियन फिल्म 'सेंटिमेंटल वैल्यू' को दिया गया। प्रसारण के बाद से, जेवियर के बयान पर प्रियंका की प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं पैदा कर दी हैं, और वायरल हुए इस पल को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स बंटे हुए हैं।
फिल्मों की बात करें स्वरा हाल ही में अपने राजनेता पति, फहद अहमद के साथ रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' में नज़र आईं हैं। वह अपनी आने वाली फिल्म 'मिसेज फलानी' की रिलीज का भी इंतजार कर रही हैं। यह प्रोजेक्ट, जिसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है, एक सामाजिक कॉमेडी-ड्रामा बताया जा रहा है जिसमें स्वरा विभिन्न क्षेत्रों और बोलियों में कई भूमिकाएं निभाएंगी।