Get App

B Saroja Devi Death: तमिल अभिनेत्री बी सरोजा देवी ने दुनिया को कहा अलविदा, 87 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

B Saroja Devi Death: तमिल सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस बी. सरोजा देवी का सोमवार को निधन हो गया। वेटरन एक्ट्रेस ने 87 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। सरोजा देवी काफी लंबे समय से बीमार चल रही थीं।

Moneycontrol Hindi Newsअपडेटेड Jul 14, 2025 पर 12:46 PM
B Saroja Devi Death: तमिल अभिनेत्री बी सरोजा देवी ने दुनिया को कहा अलविदा, 87 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

B Saroja Devi Death: साउथ स्टार कोटा श्रीनिवास के निधन के बाद अब साउथ इंडस्ट्री से एक और दुखभरी खबर सामने आई है। तमिल सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दशकों लंबे अपने करियर में 200 से ज्यादा शानदार फिल्मों में काम करके दर्शकों के दिल में जगह बनाई थी।

जानकारी के मुताबिक बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित आवास पर उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उनका निधन हो गया। तमिल में उन्हें प्यार से ‘कन्नड़तु पैंगिली’ (कन्नड़ का तोता) कहा जाता था। सरोजा देवी ने 17 साल की उम्र में कन्नड़ फिल्म ‘महाकवि कालिदास’ (1955) से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। अदाकारा को कन्नड़ सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार माना जाता है। पहली ही फिल्म में अपने अभिनय के लिए अभिनेत्री ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था।

दिग्गज अभिनेता और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. जी. रामचंद्रन के साथ उनकी तमिल फिल्म ‘नादोडी मन्नान’ (1958) ने उन्हें तमिल सिनेमा की शीर्ष अभिनेत्रियों में से एक बनाने में काफी मदद की थी। वर्ष 1967 में शादी के बाद भी सरोजा देवी की खासकर तमिल फिल्म उद्योग में मांग बनी रही। उन्हें ‘अभिनय सरस्वती’ भी कहा जाता था।

बी. सरोजा देवी ने साल 1959 में बॉलीवुड में में कदम रखा था। फिल्म 'पैगाम' में वो दिलीप कुमार के साथ दिखी थीं। इसके बाद उन्होंने 'ससुराल', 'प्यार किया तो डरना क्या' और 'बेटी बेटे' जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया था। अपने करियर में बी. सरोजा देवी ने दिलीप कुमार के अलावा राज कपूर, शम्मी कपूर और सुनील दत्त जैसे एक्टर्स के साथ काम किया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें