बॉलीवुड की सबसे चर्चित और पसंद की जाने वाली जोड़ियों में शामिल सलमान खान और संजय दत्त एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘साजन’, ‘चल मेरे भाई’ और ‘दस’ जैसी फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा था। अब लंबे समय बाद यह दमदार जोड़ी फिर से साथ नजर आने वाली है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दिलचस्प बात यह है कि इस बार सलमान और संजय किसी हिंदी फिल्म में नहीं, बल्कि एक इंटरनेशनल प्रोजेक्ट में साथ दिखाई देंगे। जैसे ही इस खबर ने सोशल मीडिया पर एंट्री ली, फैंस के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। दोनों स्टार्स का नाम एक साथ सुनते ही लोगों की उम्मीदें अपने आप बढ़ गई हैं।
माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट उनके करियर का एक अलग और नया रंग दिखा सकता है। इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर इन दो बॉलीवुड सुपरस्टार्स की मौजूदगी दर्शकों के लिए खास अनुभव साबित हो सकती है।
‘द 7 डॉग्स’ में दिखेगा कैमियो पावर
सलमान खान और संजय दत्त अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘द 7 डॉग्स’ में कैमियो रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन ‘बैड बॉयज फॉर लाइफ’ फेम डायरेक्टर जोड़ी आदिल एल अरबी और बिलाल फल्लाह ने किया है। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर ने फैंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा दी है।
ट्रेलर में दिखा दमदार अंदाज
ट्रेलर में सलमान खान सूट में सुलझे लेकिन रहस्यमयी अंदाज में नजर आते हैं, वहीं संजय दत्त प्रिंटेड शर्ट में खतरनाक और पावरफुल लुक में दिखाई देते हैं। दोनों के छोटे लेकिन प्रभावशाली सीन फिल्म में उनके अहम रोल की ओर इशारा करते हैं।
फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं
जैसे ही ट्रेलर रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर सलमान और संजय दत्त के फैंस की बाढ़ आ गई। किसी ने सलमान के कैमियो पर खुशी जताई, तो किसी ने संजय दत्त के स्वैग की जमकर तारीफ की।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
‘द 7 डॉग्स’ की कहानी ड्रग रैकेट और उसे रोकने के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में मिस्र के स्टार करीम अब्देल अजीज, अहमद एज और इंटरनेशनल एक्ट्रेस मोनिका बेलुच्ची भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।