बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ रही फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' कानूनी विवादों में घिरती नजर आ रही है। रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म पर कर्नाटक के फिल्ममेकर संतोष कुमार आर.एस. ने पटकथा चोरी (Plagiarism) का गंभीर आरोप लगाया है। संतोष कुमार का दावा है कि फिल्म की कहानी उनकी मूल स्क्रिप्ट से मेल खाती है, जिसे उन्होंने साल 2023 में रजिस्टर कराया था।
फिल्ममेकर संतोष कुमार, जिन्होंने 2023 में कन्नड़ फिल्म 'कैंपस क्रांति' से अपने निर्देशन की शुरुआत की थी, ने सार्वजनिक रूप से 'धुरंधर 2' के मेकर्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि जब उन्होंने सिनेमाघर में फिल्म देखी, तो वह दंग रह गए क्योंकि फिल्म की पूरी कहानी और ताना-बाना उनके द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट जैसा ही था।
रेजिस्ट्रेशन और ईमेल के सबूत
संतोष कुमार का दावा है कि उनके पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि कहानी उनकी है। उनके अनुसार, उन्होंने नवंबर 2023 में अपनी पटकथा को 'स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन' (SWA) में औपचारिक रूप से पंजीकृत कराया था। उनके पास उन ईमेल के रिकॉर्ड भी हैं जो उन्होंने बड़े प्रोडक्शन हाउस जैसे सोनी पिक्चर्स, ज़ी स्टूडियोज, टी-सीरीज और धर्मा प्रोडक्शंस को भेजे थे। उन्होंने बताया कि जब वह इस स्क्रिप्ट पर काम कर रहे थे, तब उनके दिमाग में मुख्य भूमिका के लिए अभिनेता आदित्य रॉय कपूर थे।
"मनोरंजन को बना दिया राजनीतिक प्रोपेगेंडा"
संतोष कुमार केवल कहानी चोरी होने से ही दुखी नहीं हैं, बल्कि फिल्म के चित्रण से भी आहत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कहानी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा: "मैंने यह कहानी सिनेमा और शुद्ध मनोरंजन के लिए लिखी थी, लेकिन मेकर्स ने इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा में बदल दिया है। यह देखकर मुझे बहुत दुख हो रहा है। जो मेरे साथ हुआ, वह किसी और लेखक के साथ नहीं होना चाहिए।"
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
फिल्ममेकर अब इस मामले को अदालत में ले जाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह फिल्म के निर्माताओं पर केस करेंगे ताकि लेखकों के अधिकारों की रक्षा हो सके। बता दें कि 'धुरंधर 2' वैश्विक स्तर पर 1435 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है और आमिर खान की 'दंगल' के रिकॉर्ड को टक्कर दे रही है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार हैं। ऐसे में इतने बड़े प्रोजेक्ट पर लगे ये आरोप फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गए हैं।