Virat Kohli And Anushka Sharma का नाम एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में छाया हुआ है। लेकिन इनका नाम अपने-अपने काम की वजह से नहीं किसी और कारण से मीडिया में छाया है। इन दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें ये मुंबई एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में विराट और अनुष्का तेजी से एयरपोर्ट से बाहर निकलते हैं और अपने कार में बैठ जाते हैं। इस बीच उनके रास्ते में एक दिव्यांग शख्स सेल्फी लेने के लिए आता है, जिसे दोनों इग्नोर कर आगे बढ़ जाते हैं। ये वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर छाया हुआ है। इसमें विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का ये बर्ताव लोगों को बिल्कुल रास नहीं आया है और लोग जमकर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा हाल ही में लंदन से भारत लौटे हैं। इस वीडियो को लेकर विवादों में घिरे इस सेलिब्रिटी कपल की लोग कड़ी आलोचना कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने क्रिकेटर पर एक दिव्यांग व्यक्ति के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया है। वायरल क्लिप में दिख रहा है कि एक दिव्यांग व्यक्ति क्रिकेटर के पास फोटो खिंचवाने के लिए आता है। हालांकि, सुरक्षाकर्मी तुरंत बीच में आते हैं और उसे हटा देते हैं। इसके बाद विराट कोहली कार में बैठ जाते हैं, और कुछ ही देर बाद अनुष्का शर्मा भी उनके पीछे-पीछे चली जाती हैं।
यह दृश्य कई सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया। लोगों का मानना है कि इस स्थिति को थोड़ी सहानुभूति के साथ संभाला जा सकता था। वीडियो में सुरक्षाकर्मी उस व्यक्ति को धक्का देकर हटाते हुए नजर आ रहे हैं। इसके सामने आने के बाद से लोग विराट की चुप्पी पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
बता दें, यह विवाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की हाल ही में वृंदावन की आध्यात्मिक यात्रा के तुरंत बाद सामने आया है, जहां वे श्री हित राधा केली कुंज, वराह घाट में उनके आश्रम में प्रेमानंद जी महाराज से मिले थे।
क्लिप शेयर करने वाले एक रेडिट यूजर ने लिखा, ‘मैं समझता हूं कि वे सेल्फी लेने और ऑटोग्राफ देने से थक जाते हैं। लेकिन एक शारीरिक रूप से अक्षम बच्चे के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार करना गलत लगता है। वह बच्चे के अनुरोध को विनम्रता से मना कर सकते थे। लेकिन एक बच्चे को अपने गार्ड्स द्वारा धक्का देते हुए देखना और उसे रोकने या बीच-बचाव करने की ज़हमत भी न उठाना। यह बहुत ही निर्दयी है।’
एक और कमेंट में लिखा था, ‘यह मशहूर हस्तियों की सच्चाई है, आप उनकी सफलता के लिए प्रार्थना करते हैं, इंटरनेट पर 24×7 उनका बचाव करते हैं, और उन्हें किसी की परवाह नहीं है।’